April 22, 2026 5:50 am

बिजनौर: दो संदिग्ध आतंकी गिरफ्तार, साथियों के खिलाफ लुक आउट नोटिस जारी 

ए अहमद सौदागर लखनऊ।आतंकवाद निरोधक दस्ता (एटीएस) व पुलिस ने बिजनौर से दो संदिग्ध आतंकियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आतंकियों की पहचान मेरठ निवासी जलाल हैदर उर्फ समीर जाफरी व उवैद मलिक के रूप में हुई है। दोनों संदिग्ध आतंकियों की तलाश बिजनौर में आग लगाकर दहशत फैलाने के मामले में की जा रही थी।

इस संदर्भ में बिजनौर पुलिस ने पिछले वर्ष नवंबर में मुकदमा दर्ज किया था।गौरतलब है कि पिछले सप्ताह शुक्रवार को एटीएस ने लखनऊ के चारबाग रेलवे स्टेशन के पास से चार आतंकियों साकिब, अरबाब, लोकेश व विकास को गिरफ्तार किया था। लोकेश, अरबाब व विकास ने पूछताछ में बताया था कि उनका सरगना मेरठ निवासी साकिब है। वहीं साकिब ने पूछताछ में बताया था कि वह पिछले वर्ष गुजरात गया था। वहां उसकी मुलाकात जलाल हैदर उर्फ समीर जाफरी से हुई थी। समीर ने उसका संपर्क दुबई में रह रहे आकिब से कराया था।

आकिब दुबई में आजाद के साथ रहता है और गाड़ी चलाने का काम करता है।एडीजी अमिताभ यश ने बताया कि आकिब इंटरनेट मीडिया के जरिए युवाओं का ब्रेनवाश कर उन्हें कट्टरपंथ की विचारधारा अपनाने को प्रेरित करता था। उसका एक वीडियो भी इंटरनेट मीडिया पर मिला है जिसमें उसने एके-47 और हैंड ग्रेनेड हाथ में ले रखा है। आकिब दक्षिण अफ्रीका में रह रहे मैजुल के साथ भी संपर्क में था। मैजुल वहां नाई का काम करता है।

इस सिलसिले में एटीएस ने विदेश मंत्रालय से संपर्क कर मैजुल, आकिब व आजाद के विरुद्ध लुक आउट नोटिस जारी कराया है। दुबई में रह रहे आकिब ने पिछले दिनों इंटरनेट मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट करके पुलिस को चेतावनी दी थी कि पुलिस उसका कुछ नहीं बिगाड़ सकती है।एडीजी एलओ अमिताभ यश ने बताया कि आरोपी मैजुल दक्षिण अफ्रीका और आजाद सऊदी अरब में है। इन दोनों के खिलाफ लुकआउट सर्कुलर जारी किया गया है। मामले में आकिब के खिलाफ पहले ही तीन सर्कुलर जारी किए जा चुके हैं। सभी के पासपोर्ट निरस्तीकरण की कार्रवाई शुरू की गई है। इसके अलावा नजीबाबाद के समीर उर्फ रुहान की भी तलाश में एटीएस की टीमें छापेमारी कर रही है।

56
Default choosing

Did you like our plugin?

error: Content is protected !!