मलीहाबाद, लखनऊ। (संवाददाता) राजधानी क्षेत्र अंतर्गत रहीमाबाद थाना क्षेत्र के गहदो गांव में शुक्रवार को टीकाकरण के बाद दो माह के एक शिशु की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। इसी दौरान, कई अन्य बच्चों की तबीयत भी बिगड़ गई, जिसके बाद स्वास्थ्य विभाग और पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार थाना प्रभारी रहीमाबाद ने जानकारी देते हुए बताया की, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सीएचसी माल की टीम ने गहदो बीट क्षेत्र में छोटे बच्चों का टीकाकरण किया था। साहिल के दो माह के बेटे उमर की शुक्रवार सुबह मृत्यु हो गई।
उसी गांव में अन्य बच्चों की भी तबीयत खराब हो गई। इनमें जहीर अहमद के नौ माह के बेटे इमरान, ताज आलम की करीब डेढ़ वर्षीय बेटी अलिजा, हनुमान के करीब डेढ़ वर्षीय बेटे आकर्ष और पवन वर्मा के एक माह के शिशु शामिल हैं। सभी बीमार बच्चों को तत्काल उपचार और जांच के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र माल भेजा गया है।
मृतक बच्चे के पिता ने बताया कि टीका गांव के आंगनबाड़ी केंद्र में लगाया गया था, जिसके बाद से उसके बेटे की तबीयत बिगड़ने लगी थी। पुलिस ने मृतक बच्चे का पंचायतनामा भरकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
मामले की जांच की जा रही है और क्षेत्र में शांति व्यवस्था कायम है। स्वास्थ्य विभाग भी पूरे प्रकरण की जांच में जुट गया है, ताकि बच्चों की तबीयत बिगड़ने के कारणों का पता अभी तक नहीं चल सका है।





