औरास उन्नाव। (संवाददाता) लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर रविवार दोपहर एक सड़क दुर्घटना में नोएडा निवासी एक परिवार बड़ी अनहोनी से बच गया। हादसा दोपहर करीब 1:30 बजे एक्सप्रेसवे के बिंदु संख्या 252 पर हुआ।
नोएडा निवासी 40 वर्षीय मीरा पाण्डेय अपने बेटे अभिषेक के साथ कार से लखनऊ से सहारनपुर की ओर जा रही थीं। कार अभिषेक चला रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आगे चल रही एक अन्य गाड़ी के अचानक धीमा होने के कारण मीरा पाण्डेय की कार अनियंत्रित होकर उससे टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार सड़क पर ही पलट गई।
बड़ा हादसा टला
गनीमत रही कि इस दुर्घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। कार सवार मीरा पाण्डेय और अभिषेक को मामूली चोटें आईं। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुँची और घायलों को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, औरास ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उन्हें खतरे से बाहर बताते हुए घर भेज दिया है।
फिलहाल पुलिस ने मौके पर पहुँचकर मामले की जांच शुरू कर दी है और दुर्घटनाग्रस्त वाहन को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारू कर दिया गया है।





