April 22, 2026 3:36 am

काकोरी: चार दिन बीतने के बाद भी नहीं मिले हत्यारे 

कपड़े और मृतका की फोटो लेकर लखनऊ सहित सीमावर्ती जिलों में भटक रही पुलिस 

इब्राहिमपुर मदारपुर गांव में हुई घटना का मामला 

 

ए अहमद सौदागर लखनऊ। काकोरी थाना क्षेत्र के इब्राहिमपुर मदारपुर गांव के पास सड़क किनारे महिला की हत्या कर शव फेंकने वालों को दबोचने के लिए पुलिस की टीमें लखनऊ के अलावा सीमावर्ती जिलों में उसका लिबास और फोटो लेकर भटक रही है। पुलिस की अबतक की छानबीन में सामने आ रहा है कि महिला किसी मध्यवर्गीय परिवार से जुड़ी थी। उसके पहनावे और शरीर मौजूद काला पेटीकोट व दुपट्टा को लेकर पुलिस की टीमें छानबीन कर रही। फिलहाल अबतक की छानबीन में हत्या के पीछे ऑनर किलिंग, अवैध संबंध या फिर जमीन की ही आंशका जताई जा रही है।

चार दिनों की जांच पड़ताल में पुलिस अपनी पूरी ताकत झोंक दी, लेकिन अभी तक कातिलों का सुराग लगना तो दूर शव की पहचान तक नहीं करा सकी।

हालांकि पुलिस की सक्रियता का यह कोई पहला मामला नहीं है इससे पहले भी कई हत्याकांड के मामले में लापरवाही उजागर हो चुकी है।

काकोरी थाना क्षेत्र के इब्राहिमपुर मदारपुर गांव बाहर सड़क किनारे स्थित एक खेत में गुरुवार को करीब 30 वर्षीय महिला की हत्या कर फेंकी गई लाश मिली थी। शव कथरी में लिपटा था और जिस कथरी में लिपटा वह खून से सना हुआ था। इस सनसनीखेज मामले की सूचना मिलते ही पुलिस उपायुक्त पश्चिमी कमलेश दीक्षित सहित कई पुलिस के आलाधिकारी मौके पर पहुंचे और मामले की छानबीन शुरू कर शव की पहचान कराने के लिए आसपास में रहने वाले लोगों को बुलाया, लेकिन शव की शिनाख्त नहीं हो सकी थी।

पुलिस इस मामले में महिला के शव की पहचान कराने तथा हत्यारों की तलाश में अपनी पूरी ताकत झोंक दी, लेकिन चार दिन गुजरने के बाद भी किसी नतीजे पर नहीं पहुंच सकी।

बताया जा रहा है कि पुलिस कपड़े व फोटो लेकर लखनऊ के अलावा सीमावर्ती जिलों में छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस की एक टीम ने रविवार को घटनास्थल के आसपास के इलाकों में जाकर जांच-पड़ताल की। जानकार बताते हैं कि पुलिस आसपास के गांव एवं कालोनियों में रहने वालों से भी पूछताछ की और उन्हें मृतका के कपड़े व फोटो भी दिखाई। इसी तर्ज पर सीमावर्ती जिलों में भी पुलिस की टीमें छानबीन कर रही हैं। फिलहाल पुलिस ने शव की पहचान कराने तथा कातिलों तक पहुंचने के लिए कई तरह के हथकंडे अपनाए, लेकिन अभी तक किसी ठोस नतीजे पर नहीं पहुंच सकी। इस मामले में एक पुलिस अधिकारी का कहना है कि मामले की गहनता से जांच पड़ताल की जा रही है और उम्मीद है कि जल्द ही हत्यारे सलाखों के पीछे होंगे।

56
Default choosing

Did you like our plugin?

error: Content is protected !!