April 22, 2026 12:50 am

लखनऊ: मलिहाबाद में आवारा कुत्तों का आतंक, 3 साल की मासूम बच्ची को नोचकर किया गंभीर रूप से घायल

लखनऊ। राजधानी लखनऊ के रहीमाबाद थाना क्षेत्र स्थित तरौना गाँव में आवारा कुत्तों ने आतंक मचा रखा है। कुत्तों के खौफ से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। रविवार को खेलते समय आवारा कुत्तों ने एक 3 साल की मासूम बच्ची पर जानलेवा हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया।

क्या है पूरा मामला?

जानकारी के अनुसार, रविवार को तरौना गाँव में अनन्या (3 वर्ष) अन्य बच्चों (आनशीखा, मयंक राज, संध्या और अनुष्का) के साथ खेल रही थी। तभी अचानक आवारा कुत्तों के झुंड ने बच्चों पर हमला कर दिया। कुत्तों ने अनन्या को घेरकर गर्दन और शरीर के अन्य हिस्सों पर बुरी तरह काट लिया। साथ खेल रहे बच्चों ने शोर मचाकर और भागकर परिजनों को सूचना दी।

नाजुक बनी हुई है हालत

अनन्या के पिता मनीष सोनवानी ने आनन-फानन में उसे मलिहाबाद प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुँचाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बच्ची की गंभीर हालत को देखते हुए उसे लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया। वहाँ से भी स्थिति नाजुक होने के कारण उसे डलीगंज पुल के निकट एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ बच्ची की हालत चिंताजनक बनी हुई है।

पुलिस प्रशासन ने दी हिदायत

घटना की सूचना मिलते ही रहीमाबाद थाना प्रभारी अरुण कुमार त्रिपाठी अपनी टीम (उप निरीक्षक जेदी खान, उप निरीक्षक रविंद्र सिंह, कांस्टेबल प्रेम नारायण, सुरेश कुमार गौतम, ओम प्रकाश यादव और महिला दरोगा संध्या पटेल) के साथ पीड़ित परिवार के घर पहुँचे। पुलिस ने परिजनों और ग्रामीणों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया। साथ ही, ग्रामीणों को सचेत करते हुए कहा कि छोटे बच्चों को घर से बाहर अकेले न खेलने दें और कुत्तों से सावधान रहें।

इस दुखद घटना के बाद से पूरे इलाके में अभिभावक अपने बच्चों की सुरक्षा को लेकर खासे चिंतित हैं।

56
Default choosing

Did you like our plugin?

error: Content is protected !!