सीतापुर महोली। (संवाददाता) संविधान शिल्पी भारत रत्न डॉ. भीमराव आंबेडकर के 135वें जन्मोत्सव के अवसर पर ग्राम पंचायत बरातपुर में ‘डॉ. आंबेडकर सामाजिक एकता मंच’ के तत्वाधान में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
प्रदेश अध्यक्ष चौधरी आशीष कुमार के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में दिन में विशाल रैली निकाली गई, वहीं रात्रि में ‘जन जागरूकता सभा’ के माध्यम से समाज को शिक्षित और संगठित होने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रदेश अध्यक्ष चौधरी आशीष कुमार द्वारा बाबा साहब की प्रतिमा पर माल्यार्पण, पुष्प अर्पण और दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस दौरान छोटे-छोटे नन्हे कलाकारों द्वारा तथागत गौतम बुद्ध और बाबा साहब के जीवन पर आधारित मनमोहक झांकियां प्रस्तुत की गईं, जिन्होंने उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया।
सभा को संबोधित करते हुए चौधरी आशीष कुमार ने कहा कि बाबा साहब डॉक्टर भीमराव आंबेडकर का योगदान किसी एक जाति या वर्ग तक सीमित नहीं है, बल्कि उन्होंने पूरे भारतवर्ष और समस्त मानवता के कल्याण के लिए कार्य किया। उन्हें केवल एक वर्ग का मसीहा बताना उनके व्यक्तित्व को छोटा करने जैसा है। उन्होंने उपस्थित लोगों को महापुरुषों के संघर्षों की याद दिलाते हुए शिक्षा पर विशेष जोर दिया। उन्होंने भावुक होते हुए कहा:
“भले ही एक रोटी कम खाओ, लेकिन अपने बच्चों को जरूर पढ़ाओ। शिक्षा ही वह माध्यम है जिससे हम अपने अधिकारों को प्राप्त कर सकते हैं।”
मंच की विशिष्ट परंपरा के अनुसार, प्रदेश अध्यक्ष ने क्षेत्र के बुजुर्गों को माला पहनाकर उनका आशीर्वाद लिया और युवाओं का उत्साहवर्धन किया। वहीं उनकी पत्नी श्रीमती रेनू जी ने उपस्थित माता-बहनों का माला पहनाकर स्वागत व अभिनंदन किया। कार्यक्रम में चंदपुरवा और बंभौरा सहित आसपास के कई गांवों के लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में अमित कुमार, सचिन कुमार, आकाश कुमार, अखिलेश कुमार (चन्दपुरवा), अनुराग, अभिषेक और संजीत कुमार (बंभौरा) का विशेष योगदान रहा। चौधरी आशीष कुमार ने सभी सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह मंच सभी को सम्मान और ज्ञान देने के लिए समर्पित है। अंत में, उपस्थित जनसमूह के अपार प्रेम और सहयोग को देख प्रदेश अध्यक्ष चौधरी आशीष कुमार भावुक हो गए।





