14 अप्रैल 2026 से चिनहट से थी लापता, हत्या कर शव बाराबंकी जिले के बड्डूपुर थाना क्षेत्र फेंका था
ए अहमद सौदागर लखनऊ। छह दिन पहले से चिनहट क्षेत्र के अपट्रान इलाके से लापता जिस नाबालिग लड़की की बाराबंकी जिले के बड्डूपुर थाना क्षेत्र हत्या कर लाश मिली थी उसकी हत्या किसी पेशेवर अपराधी नहीं बल्कि उसी के पिता साहू नगर कॉलोनी निवासी विनय चौबे ने की थी। इस सनसनीखेज मामले का राजफाश कर इंस्पेक्टर चिनहट दिनेश चंद्र मिश्रा की टीम ने कातिल पिता को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया।
इंस्पेक्टर चिनहट दिनेश चंद्र मिश्रा ने बताया कि बीते 14 अप्रैल 2026 को चिनहट क्षेत्र के देवा रोड पर अपट्रान चौकी इलाके के साहू नगर कॉलोनी निवासी विनय चौबे की नाबालिग बेटी कहीं लापता हो गई थी। उन्होंने बताया कि संदेह होने पर पिता विनय चौबे को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई तो वह टूट गया और बेटी की हत्या करने की बात स्वीकार करते हुए कहा कि उसकी हत्या कर शव को बाराबंकी जिले के बड्डूपुर थाना क्षेत्र में फेंक दिया और शव की पहचान न हो सके चेहरे पर केमिकल डाल दिया था। बताया गया कि बेरहम पिता ने झूठी शान के खातिर बेटी को मौत की नींद सुला दिया।
पुलिस आरोपित पिता विनय चौबे की निशानदेही पर शव को बड्डूपुर थाना के महमूदाबाद रोड से करीब पांच सौ मीटर की दूरी पर शारदा नहर के पास बाबा की कुटी पुल स्थित झाड़ियों से बरामद किया है। बताया जा रहा है घटनास्थल से एक केमिकल की बोतल मिली है। पुलिस झूठी शान में बेटी की हत्या करने वाले कलयुगी पिता विनय चौबे को सलाखों के पीछे भेजने के बाद मामले की छानबीन कर रही है।




