आसीवन उन्नाव। थाना आसीवन क्षेत्र के ग्राम पंचायत पनापुर कला के जंगलों में आज उस वक्त हड़कंप मच गया, जब अचानक लगी भीषण आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। देखते ही देखते करीब 8 बीघा जंगल जलकर राख हो गया और आग तेजी से आबादी की ओर बढ़ने लगी।
आग की सूचना तत्काल डायल 112 और फायर स्टेशन को दी गई। मौके पर पीआरबी 112 तो पहुँची, लेकिन दमकल की गाड़ियों को पहुँचने में काफी वक्त लग गया। आग को बेकाबू होते देख ग्रामीणों के हाथ-पांव फूलने लगे। इसी बीच ग्राम प्रधान गुड्डू राठौर ने मोर्चा संभाला। उन्होंने बिना समय गंवाए तत्काल प्रभाव से एक ‘बाग धुलाई प्रेशर टैंकर’ को मौके पर भेजा।
प्रेशर टैंकर ने बुझाई आग की लपटें
जब सरकारी दमकल का इंतजार खत्म नहीं हो रहा था, तब प्रधान द्वारा भेजे गए प्रेशर टैंकर ने आग पर सीधा हमला बोला। ग्रामीणों और टैंकर की मदद से घंटों की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। इस साहसी कार्य में सचिन, आर्यन, नूर हसन, विपिन, शिवा और निखिल समेत दर्जनों ग्रामीणों ने जान जोखिम में डालकर सहयोग किया।
प्रशासनिक सुस्ती पर उठे सवाल
पानापुर के ग्रामीणों ने ग्राम प्रधान की इस त्वरित कार्रवाई की जमकर सराहना की है, लेकिन साथ ही फायर ब्रिगेड के पहुँचने में हुई देरी पर गहरा आक्रोश भी व्यक्त किया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि प्रधान सक्रियता न दिखाते और प्रेशर टैंकर न आता, तो आज पूरा गाँव आग की चपेट में होता।




