August 8, 2026 2:55 am

मलिहाबाद: ‘मलीहा पासी स्मृति द्वार’ चोरी के विरोध में फिर गरमाया माहौल; पूर्व सांसद कौशल किशोर के नेतृत्व में शुरू हुआ अनिश्चितकालीन प्रवास, कल होगा महाआंदोलन

लखनऊ, मलिहाबाद। (संवाददाता) लखनऊ के मलिहाबाद में ‘मलीहा पासी स्मृति द्वार’ को हटाए जाने का विवाद गहरा गया है। स्मृति द्वार को पुनः स्थापित करने की मांग को लेकर पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री कौशल किशोर और क्षेत्रीय विधायक जयदेवी कौशल के नेतृत्व में पासी समाज ने पुनः अनिश्चितकालीन प्रवास (धरना) शुरू कर दिया है।

मलिहाबाद विधानसभा क्षेत्र में विधायक निधि से ‘मलीहा पासी स्मृति द्वार’ का निर्माण कराया गया था। स्थानीय लोगों और समर्थकों के अनुसार, बीते 22 अप्रैल को ठेकेदारों द्वारा चोरी-छिपे इस स्मृति द्वार को काटकर हटा दिया गया था। इस घटना के विरोध में उसी दिन पासी समाज के हजारों समर्थकों ने भारी विरोध प्रदर्शन किया था और प्रशासन से तत्काल द्वार को पुनः स्थापित करने की मांग की थी।

22 अप्रैल को हुए प्रदर्शन के दौरान विभागीय अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर प्रदर्शनकारियों से दो दिन का समय मांगा था, जिसके बाद धरना समाप्त कर दिया गया था। लेकिन दो दिन का समय बीत जाने के बाद भी स्मृति द्वार के पुनर्निर्माण या स्थापना की दिशा में कोई कार्रवाई नहीं हुई। इससे नाराज समाज के लोगों और जनप्रतिनिधियों ने प्रशासन पर वादाखिलाफी का आरोप लगाते हुए फिर से मोर्चा खोल दिया है।

पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री कौशल किशोर ने स्पष्ट कर दिया है कि यह आंदोलन किसी भी कीमत पर रुकने वाला नहीं है। उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा कि जब तक स्मृति द्वार को वापस सम्मानपूर्वक स्थापित नहीं किया जाता, तब तक यह अनिश्चितकालीन प्रवास जारी रहेगा

प्रशासन की सुस्ती के विरोध में पासी समाज ने अब बड़े आंदोलन की तैयारी कर ली है। कल, 26 अप्रैल को मलिहाबाद में पासी समाज के विभिन्न संगठनों से जुड़े हजारों समर्थक एकजुट होकर ‘महाआंदोलन’ करेंगे। इस प्रदर्शन से स्थिति और गंभीर हो सकती है, यदि प्रशासन ने तत्काल कोई ठोस कदम नहीं उठाया।

63
Default choosing

Did you like our plugin?

error: Content is protected !!