August 8, 2026 2:55 am

​लखनऊ: उप्र टैक्स बार एसोसिएशन के 49वें प्रांतीय अधिवेशन में जुटे प्रदेश भर के अधिवक्ता, विधि विशेषज्ञों ने साझा किए अनुभव

लखनऊ। दि उत्तर प्रदेश टैक्स बार एसोसिएशन (रजि.) वाराणसी का 49वाँ प्रांतीय अधिवेशन आज 26 अप्रैल 2026 को लखनऊ के होटल डायमंड पैलेस, अयोध्या रोड में भव्यता के साथ संपन्न हुआ। इस अधिवेशन में प्रदेश भर के कर अधिवक्ताओं ने बड़ी संख्या में भाग लिया।

अधिवेशन का विधिवत उद्घाटन मुख्य अतिथि के रूप में पधारे इलाहाबाद उच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति श्री हरवीर सिंह द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर और माँ सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण के साथ किया गया। कार्यक्रम के दौरान एसोसिएशन के प्रांतीय अध्यक्ष श्री रमेश जायसवाल और प्रांतीय महासचिव श्री देवेन्द्र कुमार शर्मा ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया। निवर्तमान अध्यक्ष श्री सौरभ सिंह गहलोत ने कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत की, जबकि मुख्य अतिथि का परिचय प्रांतीय कोषाध्यक्ष श्री उदय वीर सिंह द्वारा कराया गया। कार्यक्रम का सफल संचालन श्री विक्रम चावला (सहारनपुर) ने किया।

अधिवेशन के दूसरे भाग में तकनीकी सत्र का आयोजन दोपहर 12:30 बजे से किया गया। इसमें जीएसटी अधिकरण के सदस्य श्री संतोष कुमार श्रीवास्तव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए, जबकि श्री नरेन्द्र कुमार और श्री आलोक चोपड़ा (सदस्य, जीएसटी अधिकरण, लखनऊ) विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। तकनीकी सत्र के दौरान प्रयागराज के श्री के.एन. कुमार, श्रीमती वेदिका नाथ और दिल्ली के श्री सुरेश अग्रवाल ने विषय विशेषज्ञों के रूप में अपने विचार रखे।

अधिवेशन में प्रदेश के कर्मठ अधिवक्ताओं को ‘चल वैजयंती’ पुरस्कार से सम्मानित किया गया। यह सम्मान श्री मनोज मैनी (मिर्जापुर), श्री एस.सी. मिश्रा (अलीगढ़),श्री एस.पी. सिंह (कानपुर), श्री सौरभ सिंह गहलोत (निवर्तमान अध्यक्ष, लखनऊ), श्री रिपुन्जय सहाय (सिद्धार्थनगर) को प्रदान किया गया।

तकनीकी सत्र के उपरांत एसोसिएशन की 49वीं साधारण सभा आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता प्रांतीय अध्यक्ष श्री रमेश जायसवाल ने की। इस सभा में प्रदेश के 75 जिलों से आए 117 अधिवक्ताओं ने सहभागिता की। सभा के दौरान प्रांतीय स्तर की समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई और संगठन को और अधिक सशक्त बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किए गए। अंत में राष्ट्रगान के साथ अधिवेशन का समापन हुआ।

63
Default choosing

Did you like our plugin?

error: Content is protected !!