पांच घायल, सीएम नें किया मुआवजे का ऐलान
ए अहमद सौदागर लखनऊ। यूपी के उन्नाव जिले के बिहार-बक्सर मार्ग पर बुधवार को तड़के एक भीषण हादसे से पूरे जिले में हड़कंप मच गया। मां चंद्रिका देवी के दरबार में तीन वर्ष के मासूम शुभ का मुंडन संस्कार कराकर बुलेरो से लौट रहे परिवार को एक बेकाबू डंपर ने ऐसी टक्कर मारी कि मंगल गीत पल भर में चीख-पुकार और मौत के सन्नाटे में बदल गए। इस हादसे में अब तक छह लोगों की जान जा चुकी है। वही पांच अन्य लोग अस्पताल में जीवन के लिये संघर्ष कर रहे हैं।
जानकारी के मुताबिक, पठई गांव निवासी मालती अपने तीन वर्षीय पुत्र सूरज उर्फ शुभ का मुंडन कराने के लिए सगे-संबंधियों के साथ बक्सर स्थित चंद्रिका देवी मंदिर गई थीं। मंदिर में ढोल-नगाड़ों और मंगल गीतों के बीच मुंडन की रस्में पूरी हुईं। परिवार हंसी-खुशी बोलेरो से घर लौट रहा था, जहां मुंडन की दावत और उत्सव की तैयारियां चल रही थीं। जैसे ही गाड़ी बिहार-बक्सर मार्ग पर कीरतपुर गांव के पास पहुंची, तेज रफ्तार डंपर ने उनकी खुशियों को कुचल दिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मंगल गीत पल भर में चीख-पुकार में बदल गई।हादसा इतना भीषण था कि बोलेरो के परखच्चे उड़ गए और वह डंपर के नीचे दब गई। मलबे के भीतर लाशें बिछी थीं और चारों तरफ खून ही खून पसरा था। चीखें सुनकर मौके पर दौड़े ग्रामीणों की भी रूह कांप गई। जिस नन्हे शुभ के मुंडन की खुशियां मनाई जा रही थीं, वह अपनी घायल मां मालती की गोद में लहूलुहान हालत में मिला। पठई गांव में जहां बुधवार को मुंडन की दावत होनी थी, वहां अब एक साथ छह अर्थियां उठने की तैयारी हो रही है।प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि डंपर की टक्कर के बाद बोलेरो के परखच्चे उड़ गए और वह डंपर के नीचे ही खंती में दब गई। जब ग्रामीणों ने राहत कार्य शुरू किया, तो नजारा देख उनकी रूह कांप गई। गंभीर रूप से घायल मां मालती अपने जिगर के टुकड़े शुभ को सीने से लगाए मलबे में फंसी थीं। मां की गोद में शुभ बिल्कुल सहमा हुआ था, जैसे वह समझ ही नहीं पा रहा हो कि अभी कुछ देर पहले मंदिर में जो खुशियां थीं, वो अचानक लहूलुहान चीखों में कैसे बदल गईं। हादसे में मालती को गंभीर चोटें आई हैं, जिन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है।पठई गांव में जिस घर में मुंडन के भोज की तैयारी के लिए चूल्हे जल रहे थे, वहां अब कोहराम मचा है। हादसे की खबर मिलते ही गांव में सन्नाटा पसर गया और लोग घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े। बोलेरो सवार मृतकों के शव जब मलबे से निकाले गए, तो परिजनों के करुण क्रंदन से पूरा इलाका दहल उठा। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद डंपर के नीचे से बोलेरो को बाहर निकाला और घायलों को अस्पताल पहुंचाया।थानाध्यक्ष ने बताया कि हादसे के बाद डंपर चालक मौके से भागने में सफल रहा। डंपर को कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई की जा रही है। मां मालती समेत सभी सात घायलों की हालत नाजुक बनी हुई है, जिनका उपचार जिला अस्पताल में चल रहा है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर फरार चालक की तलाश में टीमें लगा दी हैं।यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये और गंभीर रूप से घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने का एलान किया है। मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन को निर्देश दिए हैं कि घायलों के इलाज में कोई कसर न छोड़ी जाए।




