भवन के बेसमेंट में दबकर अन्य मजदूर फंसे, पुलिस फायर ब्रिगेड व एसडीआरएफ की संयुक्त टीम बचाव कार्य में जुटी
घायल मजदूरों को निकाल कर इलाज के लिए डॉ राममनोहर लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया
ए अहमद सौदागर लखनऊ। विभूतिखंड थाना क्षेत्र के समिट चौकी इलाके के एनटीपीसी भवन के सामने आईजीपी रोड स्थित एक निर्माणाधीन बिल्डिंग की बेसमेंट के किनारे की मिट्टी अचानक भरभराकर गिर गई। वहां पर काम कर रहे मजदूर दब गए। घटना होते ही वहां पर हड़कंप मच गया और देखते ही देखते तमाम लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही इंस्पेक्टर विभूतिखंड, चौकी प्रभारी सहित कई पुलिस के आलाधिकारी मौके पर पहुंचे। वहां का मंजर देख पुलिस आनन-फानन में फायर ब्रिगेड व एसडीआरएफ टीम को बुला लिया। संयुक्त टीम ने मिट्टी में दबे मजदूरों को इलाज के लिए डॉ राममनोहर लोहिया अस्पताल भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने एक मजदूर को मृत घोषित कर दिया।
विभूतिखंड क्षेत्र के एनटीपीसी भवन के सामने आईजीपी रोड स्थित एक निर्माणाधीन व्यवसायिक भवन में काम चल रहा था। बताया जा रहा है कि रोज की तरह गुरुवार को भी निर्माणाधीन बिल्डिंग की बेसमेंट में मजदूर काम कर रहे थे। तभी बेसमेंट के किनारे की मिट्टी धंस गई और देखते ही देखते वहां पर काम कर रहे मजदूर दब गए। पुलिस के मुताबिक फायर ब्रिगेड व एसडीआरएफ टीम की मदद से मिट्टी में दबे मजदूरों को निकलवाकर आनन-फानन में डॉ राममनोहर लोहिया अस्पताल भिजवाया गया जहां डॉक्टरों वहां पर काम कर रहे बाराबंकी जिले के रामनगर थाना क्षेत्र स्थित अमोली कीरतपुर गांव निवासी 36 वर्षीय लक्ष्मी शंकर अवस्थी पुत्र स्व लल्लन अवस्थी को मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि इस हादसे में बाराबंकी जिले के सफदरजंग थाना क्षेत्र स्थित भीकम पट्टी गांव निवासी तुलसी राम गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस के मुताबिक मृतक के घरवालों को सूचना दे दी गई है। वहीं पुलिस का कहना है कि घरवाले तहरीर देंगे तो उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।




