जर्जर दीवार गिरने से मलबे में दबकर मौत, पंचर बनाने वाला मिस्त्री घायल
भरत नगर क्षेत्र में हुई घटना का मामला
ए अहमद सौदागर लखनऊ। आंधी के साथ हुई मूसलाधार बारिश के चलते कहीं पर गिरे पेड़ तो कहीं बिजली के खंभे गिर पड़े तो कहीं पर मकानों की दीवारें ढह गई। सोमवार सुबह तेज रफ्तार से आई आंधी व बारिश के चलते मड़ियांव थाना क्षेत्र भरत नगर में एक मकान की दीवार गिरने से मलबे में दबकर एक युवक की सांसें थम गई। जबकि इसकी चपेट में आकर एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस आसपास के लोगों की मदद से मलबे में फंसे लोगों को निकलवाकर अस्पताल भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने युवक को मृत घोषित कर दिया। पुलिस घायल को अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
मूल रूप से हरदोई जिले के अतरौली निवासी 34 वर्षीय अंकित शर्मा पुत्र संतोष कुमार मड़ियांव क्षेत्र स्थित भरत नगर में परिवार के साथ रहता था और ग्रीन वैली मटर की एक दुकान पर नौकरी करता था।
सोमवार सुबह आंधी के साथ हुई बारिश के दौरान अंकित शर्मा अपने मालिक की चार पहिया वाहन को पंचर बनवाने के लिए पंचर मिस्त्री के साथ पहिया खोल रहा था कि तभी ईंट की जर्जर दीवार भरभराकर गिर गई। दीवार गिरते ही अंकित मलबे में दब गया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस स्थानीय लोगों की मदद से मलबे में फंसे अंकित को आनन-फानन में अस्पताल भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। वहीं पंचर बनाने वाले मिस्त्री को भी चोट लगी है। पुलिस के मुताबिक मृतक के परिवार में पत्नी के अलावा दो बच्चे हैं। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।




