August 8, 2026 3:59 am

दुबग्गा: एक युवती ने परिवार को चाय में नशीला पदार्थ पिलाकर हुई लापता 

ए अहमद सौदागर लखनऊ। दुबग्गा थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक 18 वर्षीय युवती संदिग्ध हालात में घर से लापता हो गई। परिजनों का आरोप है कि युवती ने पहले घरवालों को चाय में नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया, जिससे पूरा परिवार गहरी नींद में सो गया और इसी दौरान वह घर से गायब हो गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। मां ने एक युवक पर बेटी को बहला-फुसलाकर भगाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के मुताबिक दुबग्गा क्षेत्र स्थित पुरानी बस्ती सब्जी मंडी निवासी पीड़ित महिला ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि दो मई 2026 की शाम करीब पांच बजे उनकी 18 वर्षीय बेटी ने घर में सभी को चाय बनाकर पिलाई। चाय पीने के बाद घर में मौजूद सभी सदस्य असामान्य रूप से गहरी नींद में सो गए। शाम करीब साढ़े सात बजे बड़ी बेटी जब काम से घर लौटी तो उसने सभी को जगाया। जागने पर परिवार के लोग घर पर मौजूद मिले, लेकिन 18 वर्षीय युवती घर में नहीं थी।

परिजनों ने आसपास काफी तलाश की, लेकिन युवती का कोई पता नहीं चल सका। पीड़िता की मां ने आरोप लगाया है कि उनकी बेटी का संपर्क पहले से ही अरबाज खां उर्फ सैफ खां नाम के युवक से था, जो मूल रूप से जनपद पीलीभीत के पहाड़गंज का रहने वाला है और वर्तमान में बालागंज स्थित सफेद मस्जिद के पास नारियल पानी बेचता है। मां का कहना है कि उसी युवक ने उनकी बेटी को बहला-फुसलाकर अपने साथ भगा लिया है।

दुबग्गा पुलिस ने पीड़िता की मां की तहरीर पर आरोपी युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि युवती को सकुशल बरामद करने के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं और सर्विलांस के जरिए उसकी लोकेशन ट्रेस करने का प्रयास किया जा रहा है। अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही युवती को सकुशल बरामद कर लिया जाएगा।

63
Default choosing

Did you like our plugin?

error: Content is protected !!