महाराणा प्रताप का जीवन युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत: संतोष सिंह तिलन
मलिहाबाद लखनऊ। राजधानी लखनऊ के थाना रहीमाबाद क्षेत्र गहदो रोड स्थित हिंदू जागरण मंच कार्यालय पर शनिवार को वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की जयंती कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ महाराणा प्रताप के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर किया गया। उपस्थित वक्ताओं ने महाराणा प्रताप के अदम्य साहस, त्याग, संघर्ष और राष्ट्रप्रेम को याद करते हुए उनके जीवन को भारतीय संस्कृति और स्वाभिमान का प्रतीक बताया।
सांस्कृतिक गौरव संस्थान के जिला अध्यक्ष संतोष सिंह तिलन ने कहा कि महाराणा प्रताप ने मातृभूमि की रक्षा और स्वाभिमान के लिए कठिन से कठिन परिस्थितियों का सामना किया, लेकिन कभी भी विदेशी सत्ता के आगे झुकना स्वीकार नहीं किया। उन्होंने कहा कि महाराणा प्रताप का जीवन आज की युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत है और उनसे राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने की सीख मिलती है।
वक्ताओं ने कहा कि महाराणा प्रताप केवल एक योद्धा नहीं, बल्कि स्वतंत्रता, आत्मसम्मान और राष्ट्रभक्ति के अमर प्रतीक हैं। कार्यक्रम के दौरान देशभक्ति से ओतप्रोत कविताओं एवं ओजपूर्ण विचारों ने उपस्थित लोगों में उत्साह का संचार किया।
इस अवसर पर राजेश सिंह चौहान एडवोकेट, सियाराम, गुलजारीलाल, आनंद यादव, सक्षम सिंह, संग्राम सिंह, सत्येंद्र सिंह, कीर्ति राज सिंह, पंकज गुप्ता, अंशुमान सिंह, अक्षत तिवारी सहित सैकड़ों लोग मौजूद रह दीजिए




