महापुरुषों के विचार ही युवाओं की असली पूंजी, महाराणा प्रताप के जीवन से लें प्रेरणा: आशीष कुमार
महोली, सीतापुर। ग्राम पंचायत बरातपुर में वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की जयंती बड़े ही धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में ग्रामीणों और विशेषकर युवाओं में भारी उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम के दौरान महाराणा प्रताप के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उनके अदम्य साहस और राष्ट्रभक्ति को याद किया गया।
महाराणा प्रताप केवल एक राजा नहीं, बल्कि स्वाभिमान और त्याग के साक्षात प्रतीक थे। उन्होंने कहा कि— “ऐसे कार्यक्रमों के आयोजन से समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है और युवाओं को अपने गौरवशाली इतिहास व महापुरुषों के संघर्षों को गहराई से जानने-समझने का अवसर मिलता है।”
आशीष कुमार ने आगे बताया कि महाराणा प्रताप ने जिस प्रकार कठिन परिस्थितियों में भी घुटने नहीं टेके, वही जज्बा आज के युवाओं को अपने जीवन के लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए अपनाना चाहिए। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि ऐसे आयोजनों से लोगों का उत्साहवर्धन होता है और सामाजिक एकता को मजबूती मिलती है।
इस मौके पर ग्राम पंचायत के गणमान्य नागरिकों सहित भारी संख्या में युवा मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में महाराणा प्रताप के आदर्शों को जीवन में उतारने और राष्ट्र सेवा के प्रति समर्पित रहने का संकल्प लिया। पूरा वातावरण “जय मेवाड़” और “महाराणा प्रताप अमर रहें” के नारों से गुंजायमान रहा।




