औरास, उन्नाव। (संवाददाता) क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय खड़वल के प्रांगण में सोमवार को ‘मदर्स डे’ के उपलक्ष्य में बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ‘ऊंची उड़ान’ शीर्षक के तहत एक महत्वपूर्ण संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रधानाध्यापक श्री तैमूर आलम ने की।
संगोष्ठी में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित खण्ड विकास अधिकारी श्रीमती दीप शिखा ने अभिभावकों और ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि आज की बालिका ही भविष्य की माता है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि यदि हमें परिवार का भविष्य उज्ज्वल बनाना है, तो बेटियों को शिक्षित करना अनिवार्य है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे तैमूर आलम ने अपने संबोधन में कहा कि महिलाओं के कंधों पर सिर्फ एक परिवार की ही जिम्मेदारी नहीं होती, बल्कि पूरे समाज की व्यवस्था उन पर निर्भर करती है। वहीं, एआरपी डॉ. अन्जू रंजना तथा डॉ. पूनम ने भी अपने विचार व्यक्त किए और विद्यालय में अधिक से अधिक बालिकाओं के नामांकन पर बल दिया।
‘ऊंची उड़ान’ संगोष्ठी का सफल आयोजन श्रीमती मोनिका यादव एवं श्रीमती आकांक्षा श्रीवास्तव द्वारा किया गया। इस अवसर पर ग्राम प्रधान श्रीमती माधुरी देवी, रज्जन लाल, गिरजा शंकर विकास, नफीस, शरीफ, डॉ. मनोज, सीता देवी, ममता द्विवेदी, रामदेवी, ऊषा, विन्देश्वरी, प्रियंका, रामरती, पूनम, निर्मला, हर्षिता समेत भारी संख्या में लोग उपस्थित रहे।




