छह सुतली बम, एक अवैध तमंचा, कारतूस व बिना नंबर की मोटरसाइकिल बरामद
ए अहमद सौदागर लखनऊ। मोटरसाइकिल की डिग्गी में सुतली बम और अवैध असलहा रखकर किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की फिराक में मंडरा रहे दो बमबाज को इंस्पेक्टर गाजीपुर की टीम ने गुरुवार को चेकिंग के दौरान गिरफ्तार कर लिया। जबकि एक नाबालिग को पुलिस संरक्षण में लिया है। पुलिस को इनके पास से आधा दर्जन सुतली बम, एक अवैध तमंचा, कारतूस व बिना नंबर की मोटरसाइकिल बरामद हुई है।
इंस्पेक्टर गाजीपुर के निर्देश पर उपनिरीक्षक अभिषेक पाण्डेय उपनिरीक्षक मनोज कुमार, उपनिरीक्षक प्रभात बालियान, उपनिरीक्षक नीरज यादव, उपनिरीक्षक सचिन कुमार, हेड कांस्टेबल अशोक कुमार, हेड कांस्टेबल बालकुश, आरक्षी पिंटू सरोज, आरक्षी अंकित मिश्रा व आरक्षी प्रवीण कुमार के साथ गुरुवार को सेक्टर 14 पावर हाउस के पास चेकिंग कर रहे थे कि इसी दौरान मुखबिर द्वारा सूचना मिली कि एक मोटरसाइकिल पर सवार तीन संदिग्ध लोग किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की फिराक में हैं और इनके पास सुतली बम और अवैध असलहा है।
इस सूचना पर उपनिरीक्षक अभिषेक पाण्डेय की टीम सक्रिय हुई तभी बाइक सवार तीन लोग आते दिखे। पुलिस उन्हें रूकने का इशारा किया तो वह भागने लगे। पुलिस टीम घेरेबंदी कर उन्हें दबोचने के लिए पीछा किया तो बदमाशों की मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर गिर पड़ी। उपनिरीक्षक अभिषेक पाण्डेय के मुताबिक पकड़े गए तीनों में एक नाबालिग है। उन्होंने बताया कि पकड़े गए दोनों आरोपितों ने पूछताछ में अपना नाम बाराबंकी जिले कुर्सी थाना क्षेत्र स्थित बसहरा गांव निवासी ब्रजेश पुत्र राजेश व बाराबंकी जिले के बड्डूपुर थाना क्षेत्र स्थित धधरा गांव निवासी तहफीम पुत्र अयूब बताया। पुलिस ने इस गिरोह में शामिल नाबालिग को संरक्षण में लेकर पूछताछ कर रही है। पुलिस के मुताबिक पकड़े गए दोनों आरोपी शातिर किस्म के अपराधी हैं और यह गिरोह बनाकर सुतली बम और अवैध असलहा व कारतूस लेकर किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की फिराक में थे।
पुलिस को इनके पास से छह सुतली बम, एक अवैध तमंचा, कारतूस व एक बिना नंबर की मोटरसाइकिल बरामद हुई है।




