13 किलो अवैध अफीम, दो मोबाइल फोन व 555 रूपए की नकदी बरामद
ए अहमद सौदागर लखनऊ। एएनटीएफ टीम ने रविवार को मुखबिर की सूचना पर बरेली जिले के देवरनिया थाना क्षेत्र से अफीम का गोरखधंधा करने वाले गिरोह का खुलासा कर दो तस्करों को पकड़ने में कामयाबी हासिल की है। एएनटीएफ टीम को इनके पास से 13 किलो अवैध अफीम, दो मोबाइल फोन व 555 रूपए की नकदी बरामद हुई है। तस्करों के पास से मिली अवैध अफीम की कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 70 लाख रुपए बताई जा रही है।
एएनटीएफ टीम के उपनिरीक्षक विकास यादव के मुताबिक रविवार को मुखबिर द्वारा सूचना मिली कि बरेली जिले के देवरनिया थाना क्षेत्र में कुछ लोग अवैध अफीम की सप्लाई करने के लिए कहीं जा रहे हैं। इस सूचना पर एएनटीएफ के उपनिरीक्षक विकास यादव कांस्टेबल सौरभ चौधरी, कांस्टेबल अंकित यादव, कांस्टेबल कुश कुमार, कांस्टेबल रसविंद्र चौधरी व महिला कांस्टेबल छाया स्थानीय पुलिस के साथ मौके पर पहुंची और घेरेबंदी कर दो तस्करों को धरदबोचा। एएनटीएफ के मुताबिक पकड़े गए दोनों तस्करों ने पूछताछ में अपना नाम झारखंड राज्य के चतरा जिले के गिद्धौर थाना क्षेत्र स्थित बरिसाखी गांव निवासी विशाल कुमार पुत्र विजय रजक व उपरोक्त निवासी अजय कुमार पुत्र सुरेन्द्र रविदास बताया। एएनटीएफ टीम के मुताबिक पकड़े गए दोनों तस्करों ने पूछताछ में बताया कि यह मादक पदार्थ झारखंड के रहने वाले एक बड़े तस्कर से एक लाख बीस हजार रुपए किलो के रेट लाकर उत्तराखंड के रहने वाले एक तस्कर के हाथों सौंपना था। बरामद अवैध अफीम की कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में 70 लाख रुपए बताई जा रही है।




