109 कार्टून में कोडीन युक्त सिरप, चार पहिया वाहन, एक मोटरसाइकिल, दो मोबाइल फोन व 450 रुपए की नकदी बरामद
ए अहमद सौदागर लखनऊ। सीओ ऑपरेशन एएनटीएफ डॉ बीनू सिंह के निर्देश पर नशीला पदार्थों की तस्करी करने वाले तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एएनटीएफ यूनिट लखनऊ की टीम ने औषधि निरीक्षक के सहयोग से बुधवार को मुखबिर की सूचना पर मिर्जापुर जिले के कोतवाली कटरा क्षेत्र से एक तस्कर को पकड़ा है। एएनटीएफ टीम को पकड़े गए तस्कर के पास से 1307.4 लीटर अवैध कोडीन युक्त सिरप ( ONEREX ) चार पहिया वाहन, एक मोटरसाइकिल, दो मोबाइल फोन व 450 रुपए की नकदी बरामद हुई है। बरामद नशीले पदार्थ की कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में एक करोड़ साठ लाख रुपए बताई जा रही है।
एएनटीएफ की डीएसपी डॉ बीनू सिंह ने बताया कि मिर्जापुर जिले के कोतवाली कटरा लोहदी रोड ककरहवा स्थित राम आसरे के मकान में भारी मात्रा में नशीला पदार्थ यानी अवैध कोडीन युक्त सिरप की खेप रखी हुई है और वहीं से तस्करी करने के लिए तस्कर चार पहिया वाहन से कहीं ले जाने की फिराक में हैं। इस सूचना पर सीओ ऑपरेशन एएनटीएफ डॉ बीनू सिंह की देखरेख में एएनटीएफ यूनिट लखनऊ के प्रभारी उपनिरीक्षक सूरज सिंह, मुख्य आरक्षी दिनेश सिंह, मुख्य आरक्षी मोहम्मद खालिद खां, मुख्य आरक्षी संगम पटेल, कांस्टेबल राजन कुमार व हेड कांस्टेबल दीपक कुमार औषधि निरीक्षक संतोष पटेल के साथ मौके पर पहुंचे और उक्त मकान की घेराबंदी कर मौके से एक तस्कर को धरदबोचा। एएनटीएफ के मुताबिक पकड़े गए तस्कर ने पूछताछ में अपना नाम वाराणसी जिले आदमपुर थाना क्षेत्र स्थित कोयला बाजार निवासी अजय कुमार यादव उर्फ अजीत पुत्र स्व गोपाल यादव बताया।
सीओ ऑपरेशन एएनटीएफ डॉ बीनू सिंह के मुताबिक पकड़े गए आरोपी ने पूछताछ में बताया कि वह इस गोरखधंधे में काफी दिनों से लिप्त है और इनका एक संगठित गिरोह होने की बात स्वीकार किया है। उन्होंने बताया कि बुधवार को चार पहिया वाहन मंगवाकर उसमें अवैध नशीली कोडीन सीरप लादकर वाराणसी सहित आसपास के जिलों में सप्लाई करने की तैयारी में था कि एएनटीएफ टीम ने धरदबोचा। एएनटीएफ टीम को पकड़े गए तस्कर के पास से भारी मात्रा में नशीली कोडीन सीरप, एक कार, एक मोटरसाइकिल, दो मोबाइल फोन व 450 रुपए की नकदी मिली है। एएनटीएफ टीम का कहना है कि बरामद नशीले पदार्थ की कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में एक करोड़ साठ लाख रुपए बताई जा रही है।




