August 3, 2026 5:57 pm

​राज्य स्तरीय शिक्षक सम्मान: वाराणसी में चमके लखनऊ के शिक्षक, ‘मिशन शिक्षण संवाद’ ने किया सम्मानित

वाराणसी/मलिहाबाद लखनऊ। (संवाददाता) राजधानी लखनऊ के मलिहाबाद क्षेत्र सहित पूरे प्रदेश में शिक्षा की अलख जगाने वाले शिक्षकों के लिए 20 मई 2026 का दिन गौरवमयी रहा। वाराणसी के केराकतपुर स्थित ‘वाराणसी पब्लिक स्कूल’ में “मिशन शिक्षण संवाद: पढ़ाई से प्रतियोगिता तक” के बैनर तले राज्य स्तरीय शिक्षक सम्मान एवं शैक्षिक संगोष्ठी का भव्य आयोजन किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती पूनम मौर्य, विशिष्ट अतिथि एडी बेसिक श्री हेमंत राव और बीएसए वाराणसी श्री अनुराग श्रीवास्तव द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर की गई।

कार्यक्रम में पधारे अतिथियों का स्वागत ‘मिशन शिक्षण संवाद’ के संस्थापक आदरणीय विमल कुमार एवं संयोजक अवनींद्र सिंह जादौन द्वारा किया गया। इस अवसर पर मंच पर मौजूद मुरादाबाद के खंड शिक्षा अधिकारी श्री मनोज बोस, प्रदेश टीचर क्लब के अध्यक्ष श्री शशि भूषण सिंह और वाराणसी पब्लिक स्कूल के निदेशक श्री अमित पांडे का भी गर्मजोशी से स्वागत किया गया। संयोजक अवनींद्र सिंह जादौन ने मुख्य अतिथि के समक्ष मिशन शिक्षण संवाद द्वारा शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे अभूतपूर्व कार्यों का परिचय रखा।

शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट और अनुकरणीय कार्य करने के लिए मंडलीय सहायक शिक्षा निदेशक (बेसिक) श्री हेमंत राव द्वारा लखनऊ जिले के शिक्षक श्री सुरेश जायसवाल (पूर्व माध्यमिक विद्यालय, गोहना खुर्द), श्रीमती शांति सिंह (बीकेटी, जयशंकर), श्रीमती शबनम तौकीर (पूर्व माध्यमिक विद्यालय, पुरवा), श्री फहीम बेग (कंपोजिट विद्यालय, दौलत पुर, मलिहाबाद) को विशेष रूप से सम्मानित किया गया

इन शिक्षकों को “पढ़ाई से प्रतियोगिता तक” कार्यक्रम के तहत बच्चों को प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए तैयार करने और बुनियादी शिक्षा को मजबूत बनाने में उनके सराहनीय योगदान के लिए यह सम्मान मिला।

मुख्य अतिथि श्रीमती पूनम मौर्य को अंगवस्त्र एवं स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया, जिसके बाद उन्होंने अपने हाथों से उत्कृष्ट शिक्षकों को प्रतीक चिह्न और प्रमाण पत्र वितरित किए। वाराणसी मिशन शिक्षण संवाद की एडमिन श्रीमती सरिता राय ने मुख्य अतिथि का आभार व्यक्त किया।

इसके बाद विशिष्ट अतिथि एडी बेसिक श्री हेमंत राव ने उत्तर प्रदेश के सभी 75 जनपदों से आए बेसिक शिक्षा के उन शिक्षकों को प्रमाण पत्र व मोमेंटो देकर सम्मानित किया, जिन्होंने अपने विद्यालयों में विशिष्ट कार्य किए हैं। इस सम्मान समारोह के बाद श्री रविंद्र सिंह ने विशिष्ट अतिथि का आभार जताया, जिसके उपरांत श्री हेमंत राव ने अपने आशीर्वचनों से शिक्षकों का मार्गदर्शन किया।

कार्यक्रम की अगली कड़ी में ‘मिशन शिक्षण संवाद’ के संस्थापक आदरणीय विमल कुमार जी का प्रेरक उद्बोधन और आशीर्वचन उपस्थित सभी शिक्षकों को प्राप्त हुआ। उन्होंने शिक्षकों से इसी तरह पूरी ऊर्जा के साथ बच्चों के भविष्य को संवारने का आह्वान किया, जिसके बाद कार्यक्रम के समापन की घोषणा की गई।

62
Default choosing

Did you like our plugin?

error: Content is protected !!