बी.एस.पी. यूपी स्टेट यूनिट की बड़ी बैठक में मायावती ने की चुनाव तैयारियों की गहन समीक्षा, विरोधियों के षड्यंत्रों से सावधान रहने की अपील
लखनऊ। बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री सुश्री मायावती जी ने आज लखनऊ में बी.एस.पी. उत्तर प्रदेश स्टेट यूनिट की एक उच्च स्तरीय
और अत्यंत महत्वपूर्ण बैठक की। इस बैठक में पार्टी संगठन को पोलिंग बूथ स्तर तक मजबूत करने, आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों और ‘सर्वसमाज’ में पार्टी के जनाधार को बढ़ाने के लिए किए जा रहे कार्यों की गहन समीक्षा की गई।
कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए मायावती जी ने कहा कि विरोधी दलों के षड्यंत्रों का मुकाबला करने के लिए पार्टी को सन् 2007 की तरह ही पूरी ताकत से मैदान में डटना होगा। उन्होंने मिशन 2027 (आगामी विधानसभा चुनाव) के लिए नया नारा देते हुए कहा कि “हाथी पर बटन दबाना है, सत्ता में वापस आना है, ताकि उत्तर प्रदेश में एक बार फिर ‘सर्वजन हिताय व सर्वजन सुखाय’ की सरकार बनाई जा सके।”
बी.एस.पी. प्रमुख ने जनता से विरोधी पार्टियों की संकीर्ण और चुनावी राजनीति से सतर्क रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सत्ताधारी और अन्य विपक्षी दल चुनाव के समय बड़े-बड़े वादे करते हैं और पानी की तरह पैसा बहाते हैं, लेकिन सत्ता में आते ही उदासीन हो जाते हैं। चुनाव बीतने के बाद जनता को महंगाई, बेरोजगारी और जटिल नियम-कानूनों के दलदल में झोंक दिया जाता है।
मायावती जी ने याद दिलाया कि उनके नेतृत्व में अतीत में चार बार बनी सरकार ने अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था की जो मिसाल पेश की, वह आज भी देश के लिए रोल मॉडल है। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर के कल्याणकारी संविधान पर निष्ठापूर्वक अमल करके ही सर्वसमाज का भला संभव है, जो बी.एस.पी. का ‘सामाजिक परिवर्तन व आर्थिक मुक्ति’ का मुख्य लक्ष्य है।
देश के वर्तमान राजनीतिक और आर्थिक हालातों पर चिंता व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि आज की नीतियां बड़े-बड़े पूंजीपतियों और धन्नासेठों को फायदा पहुंचाने के लिए बनाई जा रही हैं, जिससे आम जनता का भारी नुकसान हो रहा है। उन्होंने सरकारों को नसीहत दी कि वे पूंजीपतियों के बजाय जनता की रोजी-रोटी, शांति-सौहार्द और कानून-व्यवस्था पर अपना ध्यान केंद्रित करें।
आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर मायावती जी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि तैयारियों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने बताया कि पार्टी इस बार जन-उपयोगी, बेदाग और मजबूत उम्मीदवारों का चयन पूरी सावधानी के साथ कर रही है, ताकि प्रदेश को एक जिम्मेदार और जनहितैषी नेतृत्व दिया जा सके।




