June 6, 2026 6:18 pm

मनरेगा के तहत सामग्री मद में 1490.70 करोड़ रुपये स्वीकृत, 104.20 करोड़ रुपये जनपदों को आवंटित

न्यूज ऑफ इंडिया ( एजेंसी) लखनऊ। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के निर्देशो के क्रम मे मनरेगा के अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2026-27 मे सामग्री मद मे रू 104.20 करोड़ की धनराशि प्रदेश के 75 जनपदों को आवंटित की गई है। यह धनराशि ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित विकास एवं निर्माण कार्यों, निर्माण सामग्री तथा अन्य अनुमन्य कार्यों पर खर्च की जाएगी।

उन्होंने सम्बंधित अधिकारियो को निर्देश दिये हैं कि धनराशि के उपयोग हेतु निर्धारित दिशा-निर्देशों एवं शर्तों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। इसके अंतर्गत कार्य प्रारम्भ करने से पूर्व तकनीकी स्वीकृति, निर्धारित मानकों का पालन, पारदर्शी खरीद प्रक्रिया तथा धनराशि का उपयोग केवल स्वीकृत मदों में किए जाने की व्यवस्था लागू रहेगी।

इस धनराशि से वीबी -जी राम जी (मनरेगा) के अंतर्गत कराए जा रहे विकास कार्यों से ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसर बढ़ने के साथ-साथ गांवों में आधारभूत सुविधाओं को भी मजबूती मिलेगी।

मनरेगा के अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2026-27 हेतु भारत सरकार एवं उत्तर प्रदेश सरकार के संयुक्त अंशदान से सामग्री मद में कुल रू1490.70 करोड़ की धनराशि स्वीकृत की गई है। इसमें भारत सरकार का अंश रू 1118.02 करोड़ तथा राज्य सरकार का अंश रू 372.67 करोड़ सम्मिलित है।

आयुक्त ग्राम्य विकास विभाग श्री जी एस प्रियदर्शी ने संबंधित जिलों के मुख्य विकास अधिकारियों एवं उपायुक्त (श्रम रोजगार) को निर्देशित किया है कि स्वीकृत धनराशि का उपयोग शासन एवं भारत सरकार द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों, वित्तीय नियमों तथा तकनीकी मानकों के अनुरूप पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से किया जाना सुनिश्चित किया जाए।

59
Default choosing

Did you like our plugin?

error: Content is protected !!