लापरवाही बरतने वाला मकान मालिक पुलिस हिरासत में
नौबस्ता कला गांव में हुई घटना का मामला, पुलिस छानबीन में जुटी
ए अहमद सौदागर लखनऊ। चिनहट थाना क्षेत्र के देवा रोड स्थित नौबस्ता कला गांव में मंगलवार को एक निर्माणाधीन मकान की दूसरी मंजिल से मलबे से भरी गिरी बोरी के नीचे एक युवक दब गया। सूचना मिलते ही इंस्पेक्टर चिनहट दिनेश चंद्र मिश्रा दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और मलबे में फंसे युवक को निकलवाकर डॉ राममनोहर लोहिया अस्पताल भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस मामले की छानबीन कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
इंस्पेक्टर चिनहट दिनेश चंद्र मिश्रा के मुताबिक मंगलवार को नौबस्ता कला गांव निवासी विशाल तिवारी अपने मकान की दूसरी मंजिल पर निर्माण कार्य करा रहे थे। इंस्पेक्टर का कहना है कि जांच-पड़ताल के दौरान पता चला कि मजदूर लापरवाही बरतते हुए मलबे से भरी बोरी नीचे फेंक दिया। इसी दौरान उधर से गुजर रहे देवरिया जिले के कुंडौली गांव निवासी 36 वर्षीय अनुप कुमार सिंह पुत्र रमेश सिंह के ऊपर गिर गई। मलबे से भरी बोरी गिरते ही अनूप गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलते ही इंस्पेक्टर चिनहट दिनेश चंद्र मिश्रा टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घायल को डॉ राममनोहर लोहिया अस्पताल भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। इंस्पेक्टर चिनहट के मुताबिक लापरवाही बरतने वाले मकान मालिक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। उन्होंने बताया कि घरवाले अगर तहरीर देते हैं तो उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


