June 6, 2026 9:38 am

गीडा को मिलेगी नई औद्योगिक रफ्तार, सीएम योगी करेंगे फ्लैटेड फैक्ट्री कॉम्प्लेक्स का लोकार्पण

208 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की देंगे सौगात, श्रमिकों के लिए आवासीय परिसर का भी होगा उद्घाटन

 

न्यूज ऑफ इंडिया (एजेंसी) गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार को गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण (गीडा) के सेक्टर-13 में निर्मित प्रदेश के दूसरे फ्लैटेड फैक्ट्री कॉम्प्लेक्स का लोकार्पण करेंगे। करीब 42.50 करोड़ रुपये की लागत से तैयार यह परियोजना प्रदेश में औद्योगिक विकास और एमएसएमई सेक्टर को नई गति देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री लगभग 208 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास भी करेंगे। साथ ही गीडा में कार्यरत श्रमिकों के लिए निर्मित एलआईजी एवं ईडब्ल्यूएस आवासीय परिसर का उद्घाटन भी उनके हाथों होगा।

एमएसएमई को मिलेगा आधुनिक औद्योगिक प्लेटफॉर्म

मुख्यमंत्री योगी की औद्योगिक विकास संबंधी सोच के अनुरूप गीडा के सेक्टर-13 में फ्लैटेड फैक्ट्री कॉम्प्लेक्स का निर्माण कराया गया है। कानपुर के बाद यह उत्तर प्रदेश का दूसरा ऐसा कॉम्प्लेक्स है, जो ‘प्लग एंड प्ले’ मॉडल पर विकसित किया गया है। इसका उद्देश्य सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (एमएसएमई) को बेहतर आधारभूत सुविधाओं के साथ उत्पादन शुरू करने का अवसर उपलब्ध कराना है।

गीडा की मुख्य कार्यपालक अधिकारी अनुज मलिक के अनुसार लगभग 2.68 एकड़ क्षेत्र में विकसित इस परिसर में इंडस्ट्रियल ब्लॉक और यूटिलिटी ब्लॉक का निर्माण किया गया है।

आवंटन के बाद सीधे शुरू हो सकेगा उत्पादन

जी+3 मंजिल वाले इंडस्ट्रियल ब्लॉक में 80 औद्योगिक इकाइयों के लिए लगभग 97.51 वर्गमीटर क्षेत्रफल की यूनिट्स विकसित की गई हैं। वहीं जी+1 मंजिल वाले यूटिलिटी ब्लॉक में 42 यूनिट्स बनाई गई हैं, जिनका उपयोग बैंक, वेयरहाउस, सेल्स शोरूम और अन्य सहायक सेवाओं के लिए किया जाएगा।

प्लग एंड प्ले मॉडल के तहत सभी जरूरी बुनियादी सुविधाएं पहले से उपलब्ध रहेंगी, जिससे उद्यमियों को अतिरिक्त इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार करने की आवश्यकता नहीं होगी और आवंटन के तुरंत बाद उत्पादन कार्य शुरू किया जा सकेगा।

एक हजार से अधिक लोगों को मिलेगा रोजगार

फ्लैटेड फैक्ट्री कॉम्प्लेक्स के संचालन से प्रत्यक्ष रूप से करीब एक हजार लोगों को रोजगार मिलने की संभावना है। इसके माध्यम से रेडीमेड गारमेंट, आईटी, फार्मा तथा अन्य प्रदूषण रहित उद्योगों को विशेष प्रोत्साहन मिलेगा। साथ ही इससे एमएसएमई क्षेत्र और उससे जुड़े सहायक उद्योगों के विस्तार को भी बढ़ावा मिलेगा।

71 विकास परियोजनाओं का होगा लोकार्पण और शिलान्यास

मुख्यमंत्री गीडा के विभिन्न औद्योगिक सेक्टरों में तैयार और प्रस्तावित 71 विकास कार्यों का भी लोकार्पण एवं शिलान्यास करेंगे। करीब 207.96 करोड़ रुपये लागत वाली इन परियोजनाओं में सड़क, नाली, पुलिया, विद्युत व्यवस्था, जल शोधन, सीवरेज नेटवर्क, वेस्ट मैनेजमेंट और अन्य आधारभूत सुविधाओं से जुड़े कार्य शामिल हैं। इन परियोजनाओं से औद्योगिक क्षेत्र की बुनियादी संरचना और अधिक मजबूत होगी।

श्रमिकों को कार्यस्थल के पास मिलेगा अपना घर

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सेक्टर-11 स्थित श्रमिक आवासीय परिसर का भी उद्घाटन करेंगे। गीडा की इकाइयों में कार्यरत श्रमिकों को कार्यस्थल के निकट आवास उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह योजना विकसित की गई है।

ग्राम कालेसर स्थित इस परियोजना पर कुल 18.54 करोड़ रुपये की लागत आई है, जिसमें 11.02 करोड़ रुपये की सब्सिडी प्रदान की गई है। तीन टावरों में विकसित इस परिसर में ईडब्ल्यूएस श्रेणी के 48 तथा एलआईजी श्रेणी के 48 फ्लैट बनाए गए हैं। ईडब्ल्यूएस फ्लैट की अनुमानित कीमत 5.13 लाख रुपये तथा एलआईजी फ्लैट की कीमत 10.53 लाख रुपये निर्धारित की गई है।

आवासीय परिसर के आसपास पार्क, सामुदायिक केंद्र, खेल मैदान और व्यावसायिक सुविधाएं भी विकसित की गई हैं। सभी फ्लैटों का आवंटन गीडा की औद्योगिक इकाइयों में कार्यरत श्रमिकों को ई-लॉटरी के माध्यम से किया जा चुका है।

मुख्यमंत्री के इस दौरे को गोरखपुर के औद्योगिक विकास और श्रमिक कल्याण की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है, जिससे क्षेत्र में निवेश, रोजगार और औद्योगिक गतिविधियों को नई गति मिलने की उम्मीद है।

59
Default choosing

Did you like our plugin?

error: Content is protected !!