ए अहमद सौदागर लखनऊ। बीकेटी क्षेत्र में सीतापुर से अपहृत युवती मानसी पुत्री महेश के कंकाल अवशेष बरामद हुए हैं। इस मामले में सीतापुर पुलिस ने युवती के प्रेमी को गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर शव के अवशेष, कपड़े और अन्य सामान बरामद किए हैं।
पूरे घटनाक्रम पर एक नजर
थाना संधाना, जनपद सीतापुर में मु0अ0सं0 136/2026 धारा 87 बीएनएस पंजीकृत है। कस्बा संधाना निवासी मानसी पुत्री महेश उम्र लगभग 19 वर्ष दिनांक 25.05.2026 को घर से ग्राम कुचलयी स्थित महाविद्यालय जाने के लिए निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। परिजनों की तहरीर पर थाना संधाना में मुकदमा दर्ज कर तलाश शुरू की गई थी।
जंगल से मिले कंकाल अवशेष
विवेचना के दौरान मिले साक्ष्यों और अभियुक्त विशाल पाल पुत्र भन्नू पाल निवासी ग्राम सरैया, थाना संधाना के पूछताछ के आधार पर सीतापुर पुलिस टीम उसकी निशानदेही पर थाना बीकेटी क्षेत्रांतर्गत ग्राम देवरई कला के पास जंगल क्षेत्र में पहुंची। तलाशी में मौके से अपहृता द्वारा पहने गए कपड़े, एक चप्पल, कंकालनुमा खोपड़ी, कुछ अस्थियां और बाल बरामद हुए। मौके पर मौजूद परिजनों ने बरामद कपड़ों और अन्य अवशेषों की पहचान मानसी के रूप में की।
प्रेम-प्रसंग के चलते हत्या का शक
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि अभियुक्त विशाल पाल और मृतका मानसी के बीच प्रेम-प्रसंग था। जानकारी के अनुसार मृतका के गर्भवती हो जाने पर अभियुक्त ने उसकी हत्या कर दी और शव को ठिकाने लगाने की नीयत से थाना बीकेटी क्षेत्र स्थित रिंग रोड के किनारे जंगल में फेंक दिया था। समय बीतने के कारण शव पूरी तरह क्षत-विक्षत होकर कंकाल में बदल चुका था।
फॉरेन्सिक जांच और विधिक कार्रवाई
घटना की सूचना पर स्थानीय पुलिस और संबंधित अधिकारी मौके पर पहुंचे। घटनास्थल को सुरक्षित कर फॉरेन्सिक टीम से वैज्ञानिक साक्ष्य संकलन कराया जा रहा है। बरामद अवशेषों को कब्जे में लेकर पंचनामा, पोस्टमार्टम और अन्य आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। आवश्यकता पड़ने पर डीएनए परीक्षण और अन्य वैज्ञानिक परीक्षण भी कराए जाएंगे।
सीतापुर पुलिस ने अभियुक्त की निशानदेही पर महत्वपूर्ण साक्ष्य बरामद कर लिए हैं और अग्रिम विधिक कार्रवाई कर रही है। मौके पर शांति और कानून-व्यवस्था की स्थिति सामान्य बनी हुई है।




