लखनऊ। ठाकुरगंज थाना क्षेत्र में एक महिला ने बेटी की शादी के लिए रखे 20 हजार रुपये चोरी होने का आरोप लगाया है। पीड़िता साबिरा बानो निवासी शाहपुर भमरौली, थाना दुबग्गा ने ठाकुरगंज थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
पीड़िता के अनुसार 7 जून 2026 को दोपहर करीब 12:34 बजे वह अपनी परिचित सायरा बानो के घर राधाग्राम गई थीं। उन्होंने अपनी होंडा एक्टिवा घर के बाहर खड़ी की थी। इसी दौरान रास्ते में वाहन खड़ा होने की बात कहकर एक तीन पहिया चालक ने वाहन हटाने को कहा। इस पर उन्होंने वहां मौजूद फुरकान नामक युवक को स्कूटी की चाबी देकर वाहन किनारे लगाने को कहा।
आरोप है कि फुरकान ने वाहन दूसरी जगह खड़ा करने के दौरान स्कूटी की डिग्गी में रखे 20 हजार रुपये निकाल लिए। पीड़िता का कहना है कि यह रकम उनकी पुत्री की 12 जून को होने वाली शादी के लिए रखी गई थी। बाद में जब शादी के कार्ड निकालने के लिए डिग्गी खोली तो रुपये गायब मिले।
महिला का आरोप है कि जब उन्होंने फुरकान से रुपये के बारे में पूछा तो उसने अपने साथी कदीर व अन्य लोगों के साथ मिलकर गाली-गलौज की, चरित्रहीन कहकर अपमानित किया और जान से मारने की धमकी दी। पीड़िता ने ठाकुरगंज पुलिस से मामले में एफआईआर दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।




