प्रयागराज। (संवाददाता) यमुनानगर अंतर्गत कौंधियारा क्षेत्र के कुकुढ़ी गांव में सोमवार शाम शिक्षा को बढ़ावा देने और प्रतिभाशाली विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करने के उद्देश्य से मेधावी छात्र-छात्राओं के सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में गांव के बड़ी संख्या में ग्रामीण, अभिभावक, छात्र-छात्राएं तथा समाज के विभिन्न वर्गों के लोग उपस्थित रहे। समारोह का उद्देश्य शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना और विद्यार्थियों को बेहतर भविष्य के लिए प्रेरित करना था।
कार्यक्रम के दौरान हाईस्कूल में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। मेधावी छात्राओं मनीषा तिवारी, आदर्श शुक्ला, बेबी यादव तथा छात्र चंदन सिंह यादव को अधिवक्ता एवं समाजसेविका अर्चना पासी द्वारा साइकिल प्रदान की गई। साइकिल मिलने से विद्यार्थियों के चेहरे खुशी से खिल उठे। इस अवसर पर अर्चना पासी ने कहा कि शिक्षा ही समाज को आगे बढ़ाने का सबसे मजबूत माध्यम है,और प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करना सभी की जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है।समारोह में गांव के अन्य मेधावी छात्र-छात्राओं को भी मेडल देकर सम्मानित किया गया। अतिथियों ने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें निरंतर मेहनत करने और अपने माता-पिता तथा गांव का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान अभिभावकों ने भी इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों का मनोबल बढ़ाते हैं और उन्हें आगे बढ़ने की नई प्रेरणा देते हैं।इस सम्मान समारोह के आयोजन में प्रांशु भारतीय, दिनेश भारतीय और विजय कुमार भारतीय सहित ग्रामवासियों ने सक्रिय भूमिका निभाई। आयोजन को सफल बनाने में ग्रामीणों का भी महत्वपूर्ण सहयोग रहा। पूरे कार्यक्रम के दौरान उत्साह और खुशी का माहौल बना रहा तथा उपस्थित लोगों ने मेधावी विद्यार्थियों का तालियों की गड़गड़ाहट के साथ स्वागत किया।
ग्रामीणों का कहना था कि यदि इसी प्रकार समय-समय पर शिक्षा और प्रतिभा को प्रोत्साहित करने वाले कार्यक्रम आयोजित होते रहें, तो गांव के अधिक से अधिक छात्र-छात्राएं उच्च शिक्षा की ओर प्रेरित होंगे और समाज के विकास में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। समारोह का समापन विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाओं और शिक्षा के प्रति समर्पित रहने के संदेश के साथ हुआ।




