July 31, 2026 6:26 pm

​UP बनेगा देश का नया AI हब, लखनऊ को ‘AI सिटी’ के रूप में विकसित करने की तैयारी

लखनऊ। (संवाददाता) आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की बढ़ती प्रासंगिकता को देखते हुए भारतीय उद्योग परिसंघ (CII), उत्तर प्रदेश ने उत्तर प्रदेश सरकार के सूचना प्रौद्योगिकी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स विभाग के सहयोग से लखनऊ में C II उत्तर प्रदेश AI Tech Summit 2026 का आयोजन किया। इस शिखर सम्मेलन में नीति-निर्माताओं, उद्योग जगत के अग्रणी प्रतिनिधियों, प्रौद्योगिकी विशेषज्ञों, स्टार्टअप्स, शिक्षाविदों तथा नवाचारकर्ताओं ने भाग लिया और विभिन्न क्षेत्रों में AI की परिवर्तनकारी भूमिका, नवाचार, आर्थिक विकास तथा डिजिटल परिवर्तन को गति देने में इसकी संभावनाओं पर व्यापक चर्चा की।

 

CII के सदस्यों एवं उद्योग प्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए *श्री सुनील कुमार शर्मा, माननीय मंत्री, सूचना प्रौद्योगिकी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स, उत्तर प्रदेश सरकार* ने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस अब भविष्य की तकनीक नहीं, बल्कि वर्तमान की आवश्यकता बन चुकी है। उन्होंने कहा कि AI शासन, उद्योग, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि और विनिर्माण जैसे क्षेत्रों में व्यापक परिवर्तन लाने की क्षमता रखता है। उत्तर प्रदेश सरकार नवाचार को बढ़ावा देने, डिजिटल अवसंरचना को सुदृढ़ करने, स्टार्टअप्स को प्रोत्साहित करने तथा भविष्य के लिए तैयार कुशल मानव संसाधन विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है। सरकार, उद्योग और शिक्षण संस्थानों के बीच सहयोग के माध्यम से उत्तर प्रदेश को AI आधारित विकास और तकनीकी उत्कृष्टता का अग्रणी केंद्र बनाया जाएगा।

 

श्री आलोक कुमार, आईएएस, प्रमुख सचिव, सूचना प्रौद्योगिकी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स, उत्तर प्रदेश सरकार ने भविष्य के लिए सक्षम AI कार्यबल तैयार करने हेतु सरकार, उद्योग और शिक्षण संस्थानों के बीच मजबूत साझेदारी की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने बताया कि राज्य में दो डीप टेक हब स्थापित किए जा रहे हैं तथा लखनऊ को AI सिटी के रूप में विकसित करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है, जिससे नवाचार, अनुसंधान और AI आधारित उद्यमिता को नई गति मिलेगी। उन्होंने उद्योग जगत से पाठ्यक्रम निर्माण, प्रशिक्षण, इंटर्नशिप और मेंटरशिप में सक्रिय सहयोग का आह्वान करते हुए कहा कि इससे युवाओं को भविष्य के अनुरूप कौशल प्राप्त होंगे और उत्तर प्रदेश AI एवं प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में अग्रणी राज्य के रूप में स्थापित होगा।

 

श्री अभिषेक साराफ, चेयरमैन, CII उत्तर प्रदेश एवं प्रबंध निदेशक, अवध रेल इंफ्रा लिमिटेड ने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस अगली औद्योगिक क्रांति की आधारशिला है और उत्तर प्रदेश के लिए राष्ट्रीय स्तर पर AI नेतृत्व स्थापित करने का एक महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि CII सरकार, उद्योग, शिक्षण संस्थानों और स्टार्टअप्स के साथ मिलकर जिम्मेदार AI अपनाने, कौशल विकास, नवाचार और भविष्य के लिए सक्षम AI पारिस्थितिकी तंत्र के निर्माण की दिशा में निरंतर कार्य करेगा।

 

श्री मयंक, मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं प्रबंध निदेशक, ADROSONIC ने कहा कि उत्तर प्रदेश प्रगतिशील नीतियों, मजबूत अवसंरचना और विकसित होते औद्योगिक परिवेश के कारण उन्नत विनिर्माण एवं प्रौद्योगिकी आधारित नवाचार का प्रमुख केंद्र बनकर उभर रहा है। उन्होंने राज्य के उद्योगों से AI और इंडस्ट्री 4.0 तकनीकों को अपनाने, नवाचार में निवेश करने तथा कार्यबल के कौशल उन्नयन पर विशेष ध्यान देने का आग्रह किया, जिससे उत्तर प्रदेश विनिर्माण और तकनीकी क्षेत्र में अग्रणी राज्य के रूप में अपनी पहचान और मजबूत कर सके।

 

*लडॉ. सुबी चतुर्वेदी, ग्लोबल सीनियर वाइस प्रेसिडेंट एवं चीफ कॉर्पोरेट अफेयर्स एंड पब्लिक पॉलिसी ऑफिसर, InMobi* ने कहा कि उत्तर प्रदेश देश का अग्रणी AI हब बनने की अपार क्षमता रखता है और इस दिशा में लखनऊ की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। उन्होंने कहा कि AI आधारित भविष्य के निर्माण के लिए पाँच प्रमुख स्तंभ—कंप्यूट, डेटा, प्रतिभा (टैलेंट), एप्लिकेशन और विश्वास (ट्रस्ट)—पर विशेष ध्यान देना आवश्यक है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आने वाली पीढ़ी के तकनीकी नेतृत्वकर्ता लखनऊ और उत्तर प्रदेश से उभरेंगे तथा ‘पहले आप’ की संस्कृति को ‘पहले लखनऊ’ की नई पहचान मिलेगी।

 

डॉ. अजय कुमार सिंह, हेड – जोनल ऑपरेशंस (NGM), टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) ने कहा कि प्रगतिशील सरकारी नीतियों, सशक्त स्टार्टअप इकोसिस्टम और उद्योगों की सक्रिय भागीदारी के कारण उत्तर प्रदेश तेजी से भारत की AI शक्ति के रूप में उभर रहा है। उन्होंने लखनऊ को भारत की AI सिटी के रूप में विकसित करने की पहल की सराहना करते हुए कहा कि यह पहल उत्तर प्रदेश को AI आधारित नवाचार, प्रतिभा विकास और तकनीक-संचालित आर्थिक प्रगति का अग्रणी केंद्र बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

 

इस पहल को InMobi, AeonX, Eurys, iBotix तथा XVS Creations जैसे अग्रणी संगठनों का सहयोग प्राप्त हुआ, जिनके सक्रिय समर्थन से इस शिखर सम्मेलन का सफल आयोजन संभव हो सका। इन संस्थाओं ने उत्तर प्रदेश में कृत्रिम बुद्धिमत्ता आधारित नवाचार, उद्योग-अकादमिक सहयोग तथा तकनीक-संचालित विकास को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

 

63
Default choosing

Did you like our plugin?

error: Content is protected !!