2015 में ब्लॉक प्रमुख चुनाव में रामबहादुर सिंह हत्याकांड का भी आरोपी, 24 जुलाई को अमराही गांव में साथियों संग की थी वारदात
ए अहमद सौदागर लखनऊ। स्पेशल टास्क फोर्स उत्तर प्रदेश लखनऊ ने थाना इंदिरानगर कमिश्नरेट लखनऊ पर दर्ज मुकदमा में वांछित अपराधी फिरोज पुत्र जुम्मन को बाराबंकी के पल्हरी चौराहा से गिरफ्तार किया है।यूपी एसटीएफ को फरार पुरस्कार घोषित आरोपियों की जानकारी मिली थी।इस पर अपर पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार सिंह के पर्यवेक्षण में मुख्यालय की टीम अभिसूचना संकलन कर रही थी।इसी दौरान जानकारी मिली कि थाना इंदिरा नगर में दर्ज मुकदमे का वांछित फिरोज उर्फ इम्तियाज उर्फ बाबर उर्फ माथू बाराबंकी के पल्हरी चौराहा के पास मौजूद है। इस पर निरीक्षक तेज बहादुर सिंह के नेतृत्व में गठित टीम मुखबिर को साथ लेकर पल्हरी चौराहे पर पहुंची और घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ पर उसने अपना नाम फिरोज बताया।
गिरफ्तार आरोपी ने बताया कि उसके विरुद्ध लगभग दो दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। वर्ष 2015 में फिरोज व उसके साथियों सुरेंद्र रावत, रमू, रज्जो व राजू ने मिलकर ब्लॉक प्रमुख के चुनाव के दौरान चुनावी रंजिश में रामबहादुर सिंह निवासी रामनगर पुरवा की हत्या कर दी थी,जिसको लेकर थाना इंदिरानगर में मुकदमा दर्ज हुआ था। आरोपी इसमें जेल गया था। लगातार महीने पहले ही जेल से छूटकर आया है।इसने बीती
24 जुलाई 2025 की रात्री को इंदिरानगर में अमराही गांव में अपने साथियों के साथ एक घर में घुसकर चोरी की घटना को अंजाम दिया। घर के सदस्यों द्वारा प्रतिरोध करने पर उनको घायल करके भाग गये थे, जिस पर उसके व उसके साथियों के विरुद्ध थाना इंदिरानगर में मुकदमा दर्ज हुआ था। लगातार दबिश पड़ने के कारण व उसके साथी गिरफ्तारी से डरकर अलग-अलग भाग गये व लुक-छिपकर रहने लगे। आज बाराबंकी में किसी से मिलने के लिये आया था कि पकड़ लिया गया।
अन्य सहआरोपियों के विषय में पूछताछ करने पर बताया कि उसके साथ इसी मुकदमे व घटना में शामिल दरबारी उर्फ ननकून्ना निवासी ग्राम मंगईपुर मंगौलियापुर थाना रामपुर मथुरा जनपद सीतापुर जो इस समय बेहटा कुर्सी रोड में रह रहा है, वह भी इस अपराध में शामिल है। दरबारी उर्फ ननकून्ना को फिरोज के साथ जाकर तलाश करने का प्रयास किया गया तो वह नहीं मिला, जिसकी गिरफ्तारी के प्रयास किये जा रहे हैं।पकड़े गये आरोपी के विरुद्ध बाराबंकी व लखनऊ और हरदोई जिले के विभिन्न थानो में कुल 23 मुकदमे दर्ज हैं।गिरफ्तार आरोपी फिरोज उर्फ इम्तियाज उर्फ बाबर उर्फ माथू पुत्र जुम्मन निवासी रामस्वरूप का पुरवा चौकी महादेवा थाना रामनगर जनपद बाराबंकी को थाना इंदिरानगर में दाखिल किया गया है।आगे की कार्रवाई पुलिस द्वारा की जा रही है।





