November 6, 2026 10:26 pm

पीआरडी जवान के हंगामें से बिगड़ी यातायात व्यवस्था 

अनुशासनहीनता और गैर-जिम्मेदाराना रवैये को लेकर पीआरडी विभाग को भेजी जायेगी रिपोर्ट 

 

ए अहमद सौदागर लखनऊ। यूपी के कन्नौज में तिर्वा क्रॉसिंग चौराहे पर एक पीआरडी जवान के व्यवहार से यातायात व्यवस्था बिगड़ गई। ड्यूटी पर मौजूद जवान अचानक जीटी रोड पर लेट गया। सड़क के बीच में उसके लेटने से दोनों तरफ वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई और कुछ ही देर में लंबा जाम लग गया।मामले की जानकारी मिलने पर ट्रैफिक इंस्पेक्टर रविशंकर त्रिपाठी पुलिसकर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे। जवान को सड़क से हटाने की कोशिश की गई, लेकिन उसने पुलिसकर्मियों की बात मानने के बजाय उनसे बहस शुरू कर दी।

पुलिस टीम ने किसी तरह उसे सड़क से हटाया और जिला अस्पताल लेकर पहुंची, जहां उसका मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है।जवान की पहचान राम सिंह यादव के रूप में बताई गई है। ट्रैफिक इंस्पेक्टर के अनुसार, राम सिंह यादव पहले भी अपनी ड्यूटी की लोकेशन को लेकर नाराजगी जाहिर कर चुका है। मंगलवार को भी वह इसी बात को लेकर विरोध कर रहा था। इसी दौरान उसका गुस्सा बढ़ गया और उसने सड़क पर लेटकर हंगामा शुरू कर दिया।

जवान के नशे में होने की चर्चा भी सामने आई है। हालांकि, पुलिस ने अभी शराब के सेवन की पुष्टि नहीं की है। अस्पताल में कराए जा रहे मेडिकल परीक्षण की रिपोर्ट आने के बाद ही इस संबंध में स्थिति स्पष्ट होगी।ट्रैफिक इंस्पेक्टर रविशंकर त्रिपाठी ने कहा कि ड्यूटी के दौरान सार्वजनिक सड़क पर इस तरह का व्यवहार गंभीर मामला है।

इससे यातायात प्रभावित होने के साथ आम लोगों को भी परेशानी हुई। उन्होंने कहा कि अनुशासनहीनता और गैर-जिम्मेदाराना रवैये को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।मामले की जानकारी पीआरडी विभाग को भेजी जा रही है। विभाग को औपचारिक पत्र भेजकर घटना से अवगत कराया जाएगा। मेडिकल रिपोर्ट और विभागीय स्तर पर होने वाली कार्रवाई के बाद जवान के खिलाफ आगे का निर्णय लिया जाएगा।

67
Default choosing

Did you like our plugin?

error: Content is protected !!