November 6, 2026 10:25 pm

महिला सिपाही का हंगामा करते वायरल हुआ वीडियो 

महिला और ई-रिक्शा चालक के बीच हुईं थी कहासुनी 

 

ए अहमद सौदागर लखनऊ। यूपी के इटावा में रेलवे स्टेशन बजरिया इलाके का एक वीडियो बुधवार को सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया। वीडियो में पुलिस की वर्दी में नजर आ रही एक महिला ई-रिक्शा चालक से विवाद करती और फिर उसके साथ हाथापाई करती दिखाई दे रही है।

घटना मंगलवार रात करीब 11 बजे की बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, महिला और ई-रिक्शा चालक के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। विवाद बढ़ने पर महिला ने चालक के साथ मारपीट शुरू कर दी। आसपास मौजूद लोगों ने मामले को शांत कराने की कोशिश की। इसी दौरान एक दुकानदार के साथ भी कथित तौर पर अभद्र व्यवहार किए जाने की बात सामने आई है।

घटना का वीडियो वहां मौजूद किसी व्यक्ति ने अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया। बुधवार सुबह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला पुलिस अधिकारियों तक पहुंचा। सोशल मीडिया पर महिला की पहचान पिंकी श्रीवास्तव के तौर पर बताई जा रही है, लेकिन इस पहचान की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।स्थानीय लोगों की ओर से महिला पुलिसकर्मी के नशे में होने का दावा भी किया जा रहा है।

हालांकि, इस संबंध में पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि सामने नहीं आई है। महिला की मौजूदा तैनाती को लेकर भी अभी स्थिति साफ नहीं है।पिंकी श्रीवास्तव के नाम से कानपुर देहात के कुछ पुराने वीडियो वायरल होने की बात भी सोशल मीडिया पर कही जा रही है। इनमें वाहन चालकों और कबाड़ियों से विवाद तथा पुलिस अधिकारियों पर टिप्पणी के दावे किए गए हैं। इन वीडियो की सत्यता की भी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।फिलहाल पुलिस जांच के बाद ही यह साफ होगा कि वायरल वीडियो में दिखाई दे रही महिला कौन है और घटना की पूरी वास्तविकता क्या है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जा सकती है।

67
Default choosing

Did you like our plugin?

error: Content is protected !!