इलाकाई लोगों में गुस्सा, एहतियातन पुलिस बल तैनात
ए अहमद सौदागर लखनऊ। मुख्यमंत्री और डीजीपी के तमाम कोशिशों के बावजूद सूबे में बेखौफ बदमाशों का आतंक थम नहीं रहा है। शुक्रवार को जहां देश व प्रदेश में रक्षाबंधन पर्व मना कर लोग एक-दूसरे को बधाई दे रहे थे कि बरेली जिले में आतंक का पर्याय बने बेखौफ बदमाशों ने कानून-व्यवस्था को खुली चुनौती देते भाजपा ओबीसी मोर्चा के मंडल अध्यक्ष सचिन कश्यप की ताबड़तोड़ चाकुओं से वारकर बेरहमी से हत्या कर सनसनी फैला दी।
बताया जा रहा है कि सचिन कश्यप की बरेली जिले के शहरी इलाके में कुछ लोगों से किसी बात को लेकर पिछले कुछ दिनों से रंजिश चली आ रही थी।
आरोप है कि पुरानी रंजिश के चलते हत्या आरोपियों ने कई बार धमकी भी दी थी। आरोप है कि शुक्रवार रात वह अपने दोस्त को उसके घर छोड़ने जा रहे थे तभी रेकी करके उन्हे घेर कर उनके ऊपर हमला कर दिया और बेरहमी से चाकू मारकर गंभीर रूप से लहूलुहान कर दिया।
सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस आनन-फानन में घायल सचिन को जिला अस्पताल भिजवाया जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के भेजकर मामले की गहनता से छानबीन शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक बरेली जिले के मणिनाथ मंडल अध्यक्ष सचिन कश्यप की क्षेत्र की ही कुछ लोगों से पुरानी रंजिश चल रही थी, जिसे लेकर सचिन कश्यप और आरोपियों के बीच कई बार कहा सुनी हुई और कुछ दिनों पहले आरोपियों ने सचिन कश्यप को हत्या करने की खुली धमकी दे दी थी लेकिन सचिन कश्यप इस मामले को नजरंदाज कर दिया था।
वहीं यह भी बताया जा रहा है कि सचिन कश्यप की हत्या की खबर मिलते ही लोगों का हूजूम उनके घर की दहलीज पर इकठ्ठा हो गया और कातिल को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने की मांग की। बताया जा रहा है कि लोगों का ग़ुस्सा देख वहां पर एहतियात के तौर पर पुलिस बल तैनात किया गया है।





