पुलिस का दावा शरीर पर कोई जाहिरा चोट के निशान नहीं, शराबी बता झाड़ा पल्ला
पुलिस को पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार, छानबीन में जुटी
ए अहमद सौदागर लखनऊ। मलिहाबाद क्षेत्र में एक 25 वर्षीय युवक की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। युवक का शव रविवार सुबह भुलसी गांव के बाहर स्थित तालाब में पड़ा मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। युवक शुक्रवार से लापता था। स्थानीय लोग युवक की हत्या कर शव तालाब में फेंके जाने की आंशका जता रहे हैं। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ होगा कि मौत कैसे हुई है। पुलिस मामले की छानबीन कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मलिहाबाद क्षेत्र के भुलसी गांव निवासी कृष्ण कुमार का 25 वर्षीय बेटा विकास शुक्रवार से लापता था। बताया जा रहा है कि घरवाले उसकी तलाश कर रहे थे कि रविवार सुबह शौच के लिए निकले ग्रामीणों ने गांव के बाहर स्थित तालाब में एक युवक का शव पड़ा होने की सूचना पुलिस को दी। पुलिस स्थानीय लोगों की मदद से शव को बाहर निकलवाकर मामले की छानबीन कर रही थी कि अपने बेटे की तलाश में भटक रहे घरवाले भी मौके पर पहुंच गए और शव की पहचान अपने बेटे विकास के रूप में की।
घरवाले और स्थानीय लोग विकास की हत्या कर शव को तालाब में फेंके जाने की आंशका जता रहे हैं, जबकि पुलिस का दावा है कि उसके शरीर पर कोई जाहिरा चोट के निशान नहीं मिले हैं। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ होगा कि मौत कैसे हुई है। पुलिस के मुताबिक जांच पड़ताल के बाद सामने आया है कि मृतक शराब पीने का आदी था। पुलिस मामले की छानबीन कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।





