स्वाट टीम के दो सिपाही गोली लगने से घायल, दोनों कुख्यात बदमाशों पर था 50-50 का इनाम
दो पिस्टल, दस जिंदा कारतूस, नौ खोखा कारतूस, एक मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन व पांच हजार रुपए की नकदी बरामद
मोहित पर 14 और सुमित के खिलाफ एक मुकदमा दर्ज हैं
कैराना रोड इंडियन गैस गोदाम के पास हुई मुठभेड़ का मामला
ए अहमद सौदागर लखनऊ। हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान हत्याकांड के मामले में फरार चल रहे पचास-पचास हजार के इनामी शूटर मोहित व सुमित सोमवार तड़के पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में ढेर हो गए। पुलिस अधीक्षक शामली ने बताया कि मोहित व सुमित हरियाणा राज्य के सोनीपत सदर कोतवाली क्षेत्र के रहने वाले हैं। दो कुख्यात बदमाश सत्यम और आर्यन अभी भी पुलिस की पकड़ से बाहर हैं।
पुलिस को मौके से दो पिस्टल, भारी मात्रा में कारतूस, एक मोटरसाइकिल व पांच हजार रुपए की नकदी बरामद हुई है।
पुलिस अधीक्षक शामली के मुताबिक सूचना मिली थी कि सोमवार सुबह तड़के मोहित अपने साथी सुमित के साथ मिलकर किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की फिराक में शामली इलाके में मंडरा रहे हैं।
इस सूचना पर पुलिस एसटीएफ टीम के सहयोग से सोनीपत हरियाणा रोड सहित आसपास घेरेबंदी की। पुलिस ने सोमवार सुबह करीब चार बजे एक मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्ध व्यक्तियों को रोकने का प्रयास किया, लेकिन वह रफ्तार बढ़ाते हुए सोनीपत हरियाणा की ओर भागने लगे। टीम पीछा करते हुए दोनों को पकड़ने की कोशिश की तो बेखौफ बदमाशों ने पुलिस टीम पर ताबड़तोड़ गोलियों की बौछार शुरू कर दी। इस दौरान गोली लगने से दो पुलिसकर्मी हेड कांस्टेबल हरविंदर व प्रदीप घायल हो गए। पुलिस ने आत्मरक्षा के लिए जवाबी फायरिंग की, जिसमें कुख्यात बदमाश मोहित व सुमित गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस दोनों घायलों को स्थानीय सीएचसी में भर्ती कराया जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस ने घटनास्थल से दो पिस्टल, दस जिंदा कारतूस, नौ खोखा कारतूस 32 बोर, एक पिस्टल, 16 जिंदा कारतूस, एक मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन, एक बैग व पांच हजार रुपए की नकदी बरामद हुई है। पुलिस अधीक्षक शामली के मुताबिक मुठभेड़ में मारे गए दोनों कुख्यात बदमाशों की पहचान मकान नंबर 183 बईयापुर खुर्द थाना सदर जनपद सोनीपत हरियाणा निवासी 22 वर्षीय मोहित पुत्र स्व महेश व फ्लैट नंबर 1420 हाऊसिंग बोर्ड कालोनी जी ब्लाक केडी आई कुंडली सोनीपत हरियाणा निवासी 24 वर्षीय सुमित पुत्र धर्मपाल के रूप में हुई है।
सिंगर अंकित बालियान हत्याकांड में नामजद थे दोनों कुख्यात
बताते चलें कि बीते 22 अगस्त 2026 की शाम बेखौफ बदमाशों ने 32 वर्षीय सिंगर अंकित बालियान को उस समय गोलियों से भून कर छ्लनी किया था जब वह शामली स्थित जिम करके घर के लिए निकले थे। बताया जा रहा है कि बेखौफ बदमाशों ने घेरकर 18 राउंड गोलियां चलाई थी। अंकित मूल रूप से शामली जिले के बंती खेड़ा गांव के रहने वाले थे। पुलिस अधीक्षक एनपी सिंह के मुताबिक मुठभेड़ में ढेर हुए दोनों बदमाश शातिर किस्म के अपराधी थे। उन्होंने बताया कि शातिर मोहित के खिलाफ कुल 14 आपराधिक मामले दर्ज हैं, जबकि सुमित के खिलाफ एक मुकदमा दर्ज है।
बताया जा रहा है कि इस गिरोह के दो बदमाश सत्यम और आर्यन अभी भी पुलिस की पकड़ से दूर हैं। पुलिस अफसरों का कहना है कि फरार बदमाशों की तलाश में उनके संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।





