गोगी गैंग से ताल्लुक रखने वाले शूटरों का आपराधिक सफर शामली में हुआ खत्म
योजना के तहत बालियान को उतारा था मौत के घाट: डीजीपी
ए अहमद सौदागर लखनऊ। कहते हैं कि जुर्म की दुनिया में आने का रास्ता तो है लेकिन जाने का नहीं। सोनीपत हरियाणा निवासी मोहित और सुमित के आपराधिक इतिहास पर पुलिस इसी नजर से देख रही है। छोटी सी उम्र में दोनों ने हरियाणा से लेकर यूपी तक अपराध पर अपराध किया, लेकिन उन्हें नहीं मालूम था कि एक दिन जरूर उनका आखिरी सफर होगा। यही हुआ हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान की गोली मारकर हत्या करना महंगा पड़ गया और सोमवार सुबह तड़के दोनों कुख्यात बदमाश शामली में ढेर हो गए।
इस मामले में सूबे के पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण ने प्रेसवार्ता कर कहा कि अंकित बालियान हत्याकांड में गोगी गैंग की भूमिका सामने आई है। कातिलों ने कुछ दिनों से योजना बनाई और रैकी करने के बाद उन्हें किसी बड़े बदमाश द्वारा असलहा मुहैया कराया गया था।
यूपी के शामली जिले में हुए चर्चित अंकित बालियान हत्याकांड को अंजाम देने वाले दो शूटरों मोहित व सुमित को पुलिस ने सोमवार सुबह तड़के मुठभेड़ में ढेर कर दिया।
इस मामले में पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण ने बताया कि अंकित बालियान की हत्या की मुख्य वजह गोगी गैंग के खिलाफ बनाया गया गाना ही था। हालांकि अंकित ने भले ही सुर में सुर मिला कर गया लेकिन धुन किसी और गायक की थी।
पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण के मुताबिक अपराध और अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर पुलिस ने सोमवार सुबह दो कुख्यात बदमाशों को ढेर करने में बड़ी कामयाबी हासिल की है।
डीजीपी का कहना है कि पहले बदमाशों ने पुलिस पार्टी पर ताबड़तोड़ गोलियों की बौछार की थी। आमने-सामने की हुई मुठभेड़ में दो पुलिसकर्मी गोली लगने से जख्मी हो गए। पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में दोनों बदमाश ढेर हो गए। पुलिस को इनके पास से तीन अवैध असलहा और भारी मात्रा में कारतूस तथा एक मोटरसाइकिल बरामद हुई है।
गोगी गैंग की अहम भूमिका आई सामने
पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण के मुताबिक अंकित बालियान हत्याकांड में गोगी गैंग की अहम भूमिका सामने आई है। उन्होंने बताया कि जांच पड़ताल में सामने आया है कि बदमाशों ने पहले रैकी की फिर कहीं और जगह से असलहा मुहैया कराए थे। डीजीपी का कहना है कि कातिल लगातार ठिकाने बदल रहे थे, लेकिन पुलिस टीम भी उनपर नजर गड़ाए हुए थी और ह्यूमन इंटेलिजेंस के आधार पर दोनों कुख्यात बदमाशों की पहचान की।
पुलिस की जांच पड़ताल में सामने आया है कि अंकित बालियान का कत्ल उनके गाने की वजह से हुई है। बताया गया कि वर्ष 2021 में रोहिणी अदालत में जितेन्द्र की मां की हत्या भी इसी गैंग से जुड़ी बताई जा रही है। पूरे योजना के तहत ही घटना को अंजाम दिया गया था।
वहीं एडीजी लॉ एंड ऑर्डर अमिताभ यश ने बताया कि हत्याकांड में आधा दर्जन लोग शामिल थे, जिनमें से दो बदमाश मोहित व सुमित मुठभेड़ में ढेर हुए हैं।
उन्होंने बताया कि इस गिरोह में शामिल अन्य बदमाशों की तलाश में उनकी टीम उनके संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
अपराधियों को संरक्षण देने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई
पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण के मुताबिक कातिलों को बाहर से असलहा मुहैया करवाए गए थे, जिन्होंने उन्हीं असलहों के बूते घटना को अंजाम दिया। डीजीपी का कहना है कि जो भी इस सनसनीखेज मामले की चेन में शामिल हैं उन सभी लोगों की भूमिका तय की जाएगी। उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा कि यूपी की सीमा से बाहर बैठकर कोई यह न सोचे कि कानून के हाथ नहीं पहुंचेंगे। उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार की एजेंसियों से भी संपर्क किया जा रहा है और उम्मीद है कि अन्य बदमाश जल्द ही पकड़ लिए जाएंगे।





