मलिहाबाद, लखनऊ। (संवाददाता) थाना रहीमाबाद क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम बाकी नगर (माजरा जिंदौर) निवासी अनूप वर्मा ने उप-जिलाधिकारी को शिकायती पत्र भेजकर आरोप लगाया है कि ग्राम सभा की बंजर सरकारी भूमि (गाटा संख्या 1754) पर दबंग भू-माफिया अवैध कब्ज़ा कर रहे हैं।
शिकायतकर्ता के अनुसार, बाकी नगर निवासी पप्पू गुप्ता, रमन गुप्ता, अजय गुप्ता, दीपक गुप्ता, मनोज गुप्ता और अशोक गुप्ता (पुत्रगण स्वर्गीय रामचंद्र) सहित अन्य लोग इस सरकारी भूमि पर जेसीबी मशीन चलाकर कब्ज़ा करने का प्रयास कर रहे हैं।
387 फलदार व छायादार पेड़ नष्ट करने का आरोप
शिकायत में यह भी कहा गया है कि गाटा संख्या 1754 पर प्रधानमंत्री वृक्षारोपण अभियान के तहत अमरूद, जामुन और चिल्बिल के लगभग 387 पेड़ लगाए गए थे। भू-माफियाओं ने अवैध कब्ज़े की नीयत से इन सभी पेड़ों को पूरी तरह नष्ट कर दिया है और निर्माण का प्रयास जारी रखा है।
प्रशासनिक निर्देश और पुलिस का पक्ष
मामले का संज्ञान लेते हुए उप-जिलाधिकारी (SDM) ने सरकारी भूमि पर अवैध कब्ज़ा करने वालों के विरुद्ध प्राथमिकी (मुकदमा) दर्ज करने के निर्देश दिए हैं।
वहीं, इस संबंध में थाना प्रभारी रहीमाबाद अरुण कुमार त्रिगुनायक ने बताया कि पुलिस को तहरीर मिल गई है और जांच की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि क्षेत्रीय लेखपाल द्वारा मौके पर आकर ज़मीन का चिंहांकन (पैमाइश) करने के बाद ही नियमानुसार आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।





