मलिहाबाद लखनऊ। (संवाददाता) राजधानी लखनऊ के थाना रहीमाबाद क्षेत्र के हरदोई लखनऊ सड़क पर गड्ढे, बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटें और बदहाल सर्विस लेन… लेकिन टोल वसूली पूरी। हरदोई-लखनऊ राजमार्ग पर रहीमाबाद क्षेत्र में सहिजाना गांव के पास स्थित रहीमाबाद टोल प्लाजा को चालू कर दिया गया है, लेकिन राहगीरों को सुविधा के नाम पर सिर्फ गड्ढे और अंधेरा मिल रहा है। स्थानीय निवासियों और वाहन चालकों में इस बात को लेकर भारी आक्रोश है कि एनएचएआई (NHAI) और निर्माण कंपनी ने सड़क का निर्माण कार्य ठीक से पूरा किए बिना ही आम जनता से पैसे वसूलना शुरू कर दिया है।
टोल प्लाजा के आसपास और ओवरब्रिज के नीचे बनी सर्विस लाइनों का हाल सबसे ज्यादा खराब है। स्थानीय ग्रामीणों और दुकानदारों का कहना है कि जब हाइवे का काम ही पूरा नहीं हुआ था, तो इतनी जल्दबाजी में टोल वसूली क्यों शुरू की गई?
जनता का सवाल: जब सुविधा नहीं, तो टैक्स किस बात का?
टोल प्लाजा से गुजरने वाले वाहन चालकों का कहना है कि सरकार और एनएचएआई बेहतर सड़कों और सुरक्षा के नाम पर टोल टैक्स वसूलते हैं। लेकिन रहीमाबाद में टोल देने के बाद भी लोगों को जर्जर सड़क और अंधेरे से जूझना पड़ रहा है।
क्षेत्रीय लोगों ने मांग की है कि जब तक रहीमाबाद हाइवे के ओवरब्रिज, सर्विस लेन की मरम्मत नहीं होती और खराब लाइटों को ठीक नहीं किया जाता, तब तक टोल वसूली पर रोक लगाई जाए या जल्द से जल्द सभी कमियों को दुरुस्त किया जाए।





