November 6, 2026 8:43 pm

रहीमाबाद में बेखौफ चोरों का तांडव: दो घरों से 3.40 लाख नकदी और जेवरात पार, ग्रामीणों में दहशत

मलिहाबाद, लखनऊ। (संवाददाता) राजधानी के रहीमाबाद थाना क्षेत्र में बेखौफ चोरों ने रात के अंधेरे में दो अलग-अलग घरों को निशाना बनाकर पुलिस गश्त और सुरक्षा दावों की धज्जियां उड़ा दीं। बेती (रहीमाबाद) इलाके के मनकौटी गांव में हुई इस दुस्साहसिक वारदात में चोरों ने दो घरों से लगभग 3 लाख 40 हजार रुपये नकदी और लाखों के सोने-चांदी के जेवरात पर हाथ साफ कर दिया।

मेले में व्यस्त थे ग्रामीण, चोरों ने उठाया फायदा

जानकारी के अनुसार, मनकौटी गांव में बुधवार रात रामडोल मेले का आयोजन था, जिसमें ग्रामीण व्यस्त थे। कार्यक्रम समापन के बाद लोग अपने-अपने घरों में जाकर सो गए। गुरुवार सुबह जब ग्रामीण शौच के लिए निकले, तो देखा कि घरों के दरवाजे बाहर से खुले पड़े हैं।

लाखों की नकदी और गहने गायब

अमन मौर्य का घर: पीड़ित अमन मौर्य के घर जांच करने पर अलमारी का ताला टूटा मिला और सामान बिखरा पड़ा था। अलमारी में रखे 3.05 लाख रुपये नकद और सोने-चांदी के जेवरात गायब थे।

सुनील का घर: चोरों ने पड़ोस में रहने वाले सुनील के घर को भी निशाना बनाया। वहां से कमरे में रखी अलमारी को तोड़कर 35 हजार रुपये नकद और गहने चुरा लिए।

फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य, पुलिस गश्त पर उठे सवाल

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। मामले की गंभीरता को देखते हुए उच्च अधिकारियों और फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से फिंगरप्रिंट और अन्य साक्ष्य एकत्र किए हैं।

इस घटना के बाद से गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने पुलिस की रात्रि गश्त प्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करते हुए लापरवाही का आरोप लगाया है। पुलिस ने पीड़ितों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश और वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

67
Default choosing

Did you like our plugin?

error: Content is protected !!