17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा राज्यव्यापी ‘सेवा संकल्प अभियान’
न्यूज ऑफ इंडिया (एजेंसी) लखनऊ। योगी सरकार में सेवा, सुशासन, जनकल्याण और विकास की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने तथा प्रत्येक नागरिक को ‘विकसित भारत-2047’ के सामूहिक राष्ट्रीय संकल्प से जोड़ने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश में ‘सेवा संकल्प अभियान’ का व्यापक राज्यव्यापी आयोजन किया जा रहा है। यह अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक चलेगा। प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री एवं अभियान के प्रभारी योगेंद्र उपाध्याय के मार्गदर्शन में अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए शासन से लेकर जनपद स्तर तक त्रिस्तरीय समन्वय व्यवस्था बनाई गई है।
अभियान का मूल भाव 25 वर्षों की निरंतर जनसेवा, सेवा एवं सुशासन की उपलब्धियों तथा गरीब कल्याण के कार्यों को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाना है। अभियान के माध्यम से केंद्र सरकार के 12 वर्षों तथा राज्य सरकार के 10 वर्षों के विकास कार्यों से जनजीवन में आए सकारात्मक परिवर्तनों को प्रमाणिक रूप से प्रस्तुत करने के साथ ही युवा, महिला, किसान और वंचित वर्ग को ‘विकसित भारत-2047’ के सामूहिक राष्ट्रीय संकल्प से जोड़ने पर विशेष जोर दिया गया है।
अभियान के तहत केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं से जुड़े लाभार्थियों का डेटा संकलित करते हुए त्रिस्तरीय डेटा बैंक तैयार किया जाएगा। इसके अंतर्गत कुल 4.19 करोड़ परिवारों और 15.74 करोड़ लाभार्थियों को अभियान से जोड़ने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इनमें ग्रामीण क्षेत्र के 3.51 करोड़ परिवार/13.01 करोड़ लाभार्थी तथा शहरी क्षेत्र के 0.68 करोड़ परिवार/2.73 करोड़ लाभार्थी शामिल हैं। अभियान में लाभार्थियों की वास्तविक कहानियों, परिवर्तनकारी स्थलों और डिजिटल सामग्री का भी व्यापक उपयोग किया जाएगा।
एक माह तक चलने वाले अभियान में सेवा, जनभागीदारी, सांस्कृतिक कार्यक्रम, डिजिटल माध्यम, युवा सहभागिता और सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों से सीधे संवाद को केंद्र में रखा गया है। अभियान के तहत 12 प्रमुख कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें ‘आशीर्वाद का दीया’, ‘मेरे सपनों का भारत: चित्र सेवा’, ‘नमो सेवा-अनकही कहानियां’, ‘आंगन मिलन सेवा’, ‘सेवा की कहानी’, ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’, ‘वडनगर से वाराणसी यात्रा’, ‘सेवा मेरा योगदान’, ‘सेवा सेतु अभियान’, ‘सेवा के रंग, राष्ट्र के संग’, ‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज’ और ‘सुशासन सेवा संवाद’ प्रमुख हैं।
अभियान की शुरुआत 17 सितंबर को ‘सेवा दिवस-आशीर्वाद का दीया’ से होगी। शाम 7 बजे नागरिक अपने घरों और प्रतिष्ठानों पर दीप प्रज्वलित कर सेवा एवं ‘विकसित भारत-2047’ के सामूहिक संकल्प से जुड़ेंगे। अस्पतालों में फल वितरण, रक्तदान शिविर तथा विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर टूल किट वितरण जैसे कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। प्रदेश में प्रमुख विकास कार्यों और अवस्थापना परियोजनाओं से जुड़े चयनित स्थलों पर भी दीप प्रज्वलन किया जाएगा।
‘मेरे सपनों का भारत: चित्र सेवा’ कार्यक्रम के तहत 17 सितंबर से 7 अक्टूबर तक सरकारी एवं निजी विद्यालयों में कक्षा 5 से 8 तक के विद्यार्थियों के लिए चित्रकला तथा कक्षा 9 से 12 तक चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। उच्च शिक्षण संस्थानों में चित्रकला, भाषण और वाद-विवाद प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों और युवाओं को ‘विकसित भारत-विकसित उत्तर प्रदेश’ की थीम से जोड़ा जाएगा। चयनित श्रेष्ठ प्रविष्टियों की जिला स्तरीय प्रदर्शनी के बाद 7 अक्टूबर को राज्य स्तरीय भव्य प्रदर्शनी आयोजित की जाएगी। उत्कृष्ट प्रतिभागियों को मुख्यमंत्री के डिजिटल हस्ताक्षरयुक्त प्रमाण-पत्र एवं पुरस्कार प्रदान किए जाने का प्रावधान है।
‘नमो सेवा-अनकही कहानियां’ कार्यक्रम के माध्यम से 25 से 30 मिनट की मानकीकृत रिकॉर्डेड प्रस्तुति पर आधारित सांस्कृतिक नुक्कड़ नाटकों का आयोजन किया जाएगा। प्रदेश के प्रत्येक जनपद के लिए 18 से 20 कलाकारों की सांस्कृतिक टोलियां गठित की जाएंगी और प्रत्येक विधानसभा में सात अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। ग्राम पंचायतों, सामुदायिक केंद्रों, विद्यालयों और अन्य प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर इन प्रस्तुतियों के माध्यम से जनकल्याणकारी योजनाओं एवं देश में आए बदलाव की कहानी सहज और प्रभावी ढंग से पहुंचाई जाएगी।
वहीं ‘सेवा की कहानी’ डिजिटल एवं रील अभियान के तहत सरकारी योजनाओं और बड़ी अवस्थापना परियोजनाओं से लाभान्वित नागरिकों की वास्तविक कहानियों को सामने लाया जाएगा। अभियान में 25 लाख लाभार्थियों के जीवन में आए सकारात्मक बदलाव पर 60 सेकंड की रील्स तैयार करने का लक्ष्य रखा गया है। इसमें आवास, विद्यालय, पंचायत भवन और पुस्तकालय से लेकर एक्सप्रेसवे, एयरपोर्ट, इनलैंड पोर्ट, मेट्रो, आरआरटीएस और विश्वविद्यालयों तक विकास कार्यों को डिजिटल माध्यम से प्रदर्शित किया जाएगा। युवा इंफ्लुएंसर और यूट्यूबर भी अभियान से जोड़े जाएंगे।
25 सितंबर से 7 अक्टूबर तक ‘आंगन मिलन सेवा’ के अंतर्गत प्रत्येक आंगनबाड़ी केंद्र पर तीन दिवसीय उत्सव एवं संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं, आशा दीदियों तथा उत्कृष्ट लाभार्थी माताओं का सार्वजनिक सम्मान किया जाएगा। माताओं तक पोषण, स्वास्थ्य एवं महिला संबंधी योजनाओं की जानकारी पहुंचाने के साथ ही हेल्दी बेबी शो, बच्चों को कॉमिक बुक्स, खिलौने, फल एवं मिठाई वितरण तथा अतिरिक्त पोषाहार एवं सामग्री वितरण की व्यवस्था की जाएगी।
7 अक्टूबर को ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा-विकसित भारत का संकल्प’ के माध्यम से प्रत्येक जनपद में सेवा और राष्ट्रसेवा की भावना को जनभागीदारी से जोड़ा जाएगा। प्रमुख चौराहों पर सेवा कलश स्थापित किए जाएंगे तथा पैदल, साइकिल और बाइक रैलियों के माध्यम से नागरिक मुख्य आयोजन स्थल तक पहुंचेंगे। बड़ी एलईडी स्क्रीन पर प्रधानमंत्री के संबोधन का सजीव प्रसारण होगा और ‘विकसित भारत-2047’ का सामूहिक संकल्प लिया जाएगा।
‘वडनगर से वाराणसी यात्रा’ के तहत जल, जन और सेवा संकल्प के माध्यम से प्रधानमंत्री की जन्मभूमि और कर्मभूमि को जोड़ने की परिकल्पना की गई है। 17 सितंबर से 7 अक्टूबर तक चलने वाली इस यात्रा में उत्तर प्रदेश की 10 नदियों का जल लेकर 10 टोलियां विभिन्न मार्गों से काशी से वडनगर, गुजरात की ओर प्रस्थान करेंगी। मार्ग में पड़ने वाले जनपदों में चौपालों, जनसंवाद और विकास यात्रा पर आधारित फिल्म प्रदर्शन के माध्यम से योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी दी जाएगी।
‘सेवा मेरा योगदान’ कार्यक्रम में प्रत्येक नागरिक को 25 निर्धारित सेवा गतिविधियों में से किसी एक से जुड़कर समाज सेवा में अपना योगदान देने के लिए प्रेरित किया जाएगा। इनमें रक्तदान, वृक्षारोपण, स्वच्छता, स्वास्थ्य जांच, गांव को सेवा के लिए गोद लेना, योग एवं ध्यान, महिला स्वास्थ्य एवं स्वच्छता, वंचित बच्चों को शिक्षा सहयोग, करियर काउंसलिंग, वरिष्ठ नागरिकों के लिए डिजिटल साक्षरता, अंगदान संकल्प, पोषण, सड़क सुरक्षा, जल संरक्षण, साइबर सुरक्षा, फिट इंडिया, दिव्यांगजन सहयोग, मतदाता जागरूकता, वोकल फॉर लोकल और सरकारी योजनाओं की जागरूकता जैसी गतिविधियां शामिल हैं।
प्रत्येक विधानसभा में न्यूनतम दो स्थलों के कायाकल्प का लक्ष्य भी रखा गया है। नागरिक न्यूनतम 25 मिनट श्रमदान कर उसकी तस्वीर अथवा वीडियो My Bharat Portal पर अपलोड कर डिजिटल प्रमाण-पत्र प्राप्त कर सकेंगे। इस प्रकार अभियान को केवल सरकारी कार्यक्रम न रखते हुए नागरिक सहभागिता से जोड़ने की व्यापक कार्ययोजना तैयार की गई है।
‘सेवा सेतु अभियान’ के तहत विकासखंड एवं नगरीय निकाय स्तर पर पांच से सात दिवसीय बहुउद्देशीय सेवा शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों में केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने के साथ पात्र नागरिकों के मौके पर ही आवेदन, पात्रता सत्यापन और योजना के अंतर्गत स्वीकृति की प्रक्रिया सुनिश्चित करने की व्यवस्था की गई है। इसके साथ ही स्वास्थ्य मेलों और प्रत्येक विधानसभा में दिव्यांग कल्याण शिविरों का आयोजन किया जाएगा। मतदाता पंजीकरण पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा।
युवाओं, विद्यार्थियों और उच्च शिक्षण संस्थानों की सहभागिता अभियान के महत्वपूर्ण आयामों में शामिल है। ‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज’ के तहत उत्तर प्रदेश के युवाओं की राष्ट्रीय स्तर के इनोवेशन चैलेंज में भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। प्रदेश के विश्वविद्यालयों, इंजीनियरिंग कॉलेजों, आईटीआई और पॉलीटेक्निक संस्थानों में छात्रों का व्यापक ओरिएंटेशन एवं मोटिवेशन किया जाएगा। शिक्षा संस्थानों, स्टार्टअप नेटवर्क, इनक्यूबेशन सेंटर और निजी कंपनियों को भी इससे जोड़ा जाएगा।
17 अक्टूबर को ‘सुशासन सेवा संवाद’ के साथ अभियान का समापन होगा। इसमें देशभर से ग्राम प्रधान, सरपंच एवं अन्य जनप्रतिनिधि एकत्र होकर सेवा और सुशासन के 25 वर्षों के अवसर पर प्रधानमंत्री का सम्मान करेंगे तथा ‘विकसित भारत-2047’ का संकल्प लेंगे। लगभग 1.25 लाख जनप्रतिनिधियों द्वारा विकसित भारत का संकल्प और वंदे मातरम् का गायन कराने की योजना है। विभिन्न क्षेत्रों के जनप्रतिनिधियों के अनुभव कथनों के माध्यम से सेवा, सुशासन और जनभागीदारी के अनुभव साझा किए जाएंगे।
अभियान के प्रमुख कार्यक्रमों के अतिरिक्त प्रदेश के ऐतिहासिक एवं लोकप्रिय स्मारकों और पर्यटन स्थलों पर 25 वर्षों की विकास यात्रा को प्रदर्शित करने वाले भव्य लेजर शो आयोजित किए जाएंगे। प्रमुख तीर्थस्थलों एवं शक्तिपीठों में राष्ट्र कल्याण, शांति और ‘विकसित भारत’ के संकल्प की सिद्धि के लिए महायज्ञ एवं विशेष अनुष्ठानों का आयोजन भी प्रस्तावित है। 25 सितंबर को ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में पुस्तकालयों के लोकार्पण तथा ग्रामीण क्षेत्रों में चौपालों के आयोजन के माध्यम से जनता से सीधे फीडबैक एवं सुझाव भी लिए जाएंगे।
‘सेवा संकल्प अभियान’ के माध्यम से योगी सरकार में उत्तर प्रदेश के विकास, जनकल्याणकारी योजनाओं, सुशासन और नागरिक सहभागिता को एक व्यापक जन-अभियान के रूप में आगे बढ़ाने की कार्ययोजना तैयार की गई है। एक माह तक चलने वाला यह अभियान सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों, युवाओं, महिलाओं, किसानों, विद्यार्थियों, जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों को सेवा एवं राष्ट्र निर्माण के व्यापक संकल्प से जोड़ने पर केंद्रित रहेगा।





