इंस्टाग्राम पर “बॉय-बॉय” पोस्ट कर आत्महत्या करने जा रहा था 18 साल का युवक
ए अहमद सौदागर लखनऊ। सोशल मीडिया पर आत्महत्या का पोस्ट और पुलिस की तत्परता से एक युवक की जिंदगी बच गई।यूपी के बरेली के थाना फतेहगंज पश्चिमी में 18 साल के युवक ने प्रेमिका से शादी न होने के गम में इंस्टाग्राम पर जहर की शीशी दिखाते हुए “दोस्तों बॉय-बॉय” लिखकर वीडियो पोस्ट कर दिया।
26 सितंबर शाम 6:59 बजे मेटा कंपनी ने इस पोस्ट का अलर्ट यूपी पुलिस मुख्यालय लखनऊ के सोशल मीडिया सेंटर को ईमेल से भेजा। डीजीपी राजीव कृष्ण के निर्देश पर मुख्यालय ने तुरंत युवक का मोबाइल नंबर ट्रेस कर लोकेशन बरेली पुलिस को भेजी।
सूचना मिलते ही थाना फतेहगंज पश्चिमी के एसआई आदेश कुमार महज 10 मिनट में युवक के घर पहुंच गए। पिता को साथ लेकर कमरा खुलवाया तो युवक बेचैन हालत में मिला, बिस्तर के पास जहर की शीशी रखी थी। पुलिस ने शीशी कब्जे में ली। युवक ने बताया उसने अभी जहर खाया नहीं था, खाने ही वाला था।
पूछताछ में युवक ने बताया वह नाई का काम सीख रहा है और प्रेमिका से शादी न होने से डिप्रेशन में था। पुलिस की काउंसलिंग के बाद उसने दोबारा ऐसा कदम न उठाने का वादा किया। परिजनों ने यूपी पुलिस का आभार जताया।
यूपी पुलिस और मेटा के बीच 2022 से यह व्यवस्था चल रही है। कोई भी व्यक्ति फेसबुक या इंस्टाग्राम पर सुसाइड से जुड़ा पोस्ट करता है तो मेटा सीधे पुलिस को अलर्ट भेजती है।1 जनवरी 2023 से 25 सितंबर 2026 तक ऐसे अलर्ट पर 3984 लोगों की जान यूपी पुलिस बचा चुकी है। इस अनोखी पहल के लिए यूपी पुलिस को प्रतिष्ठित स्कोच अवार्ड भी मिल चुका है।





