November 4, 2026 5:36 pm

मलिहाबाद: घर का मेनहोल तोड़कर बक्से से लाखों के जेवर पार, चोर फरार

लखनऊ। (संवाददाता) मलिहाबाद के थाना रहीमाबाद क्षेत्र अंतर्गत भोइया गांव में बीती रात बेखौफ चोरों ने एक घर को निशाना बनाते हुए लगभग 3 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरातों पर हाथ साफ कर दिया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।

​प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम भोइया निवासी वीरेंद्र (पुत्र मूलहे) के मकान में अज्ञात चोरों ने वारदात को अंजाम दिया। चोर घर की पिछली दीवार के सहारे छत पर चढ़े और छत पर बने मेनहोल की ईंटें निकालकर नीचे कमरे में दाखिल हो गए। इसके बाद उन्होंने कमरे में रखे बक्से का ताला तोड़कर उसमें रखी चांदी की पाजेब, कमर की करधनी, सोने की झुमकी व टॉप्स सहित अन्य कीमती सामान पार कर दिया।

​मंगलवार दोपहर जब परिजन किसी काम से छत की तरफ गए, तो मेनहोल की ईंटें उखड़ी देखकर उन्हें अनहोनी का अहसास हुआ। नीचे आकर देखा तो बक्से का ताला टूटा हुआ था और कपड़े व अन्य सामान कमरे में बिखरे पड़े थे। जेवर गायब देख परिजनों के होश उड़ गए। शोर मचने पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई, जिसके बाद मामले की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई।

​सूचना पाते ही स्थानीय पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का मुआयना किया और साक्ष्य जुटाए।

थाना प्रभारी अरुण कुमार त्रिगुनायक ने बताया कि पीड़ित की तहरीर प्राप्त हो गई है और मामले की गहनता से जांच की जा रही है। जांच में तथ्य सही पाए जाने पर मामला दर्ज कर विधिक कानूनी कार्रवाई की जाएगी और अज्ञात चोरों की तलाश जारी है।

67
Default choosing

Did you like our plugin?

error: Content is protected !!