मलिहाबाद/रहीमाबाद लखनऊ। (संवाददाता) रहीमाबाद थाना क्षेत्र के तरौना गांव में बेतवा नाले में डूबने से एक 60 वर्षीय किसान की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद से परिजनों में कोहराम मचा है और गांव में शोक की लहर है।
जानकारी के अनुसार, तरौना गांव निवासी कमलेश यादव (60) मंगलवार सुबह अपने खेत में चारा काटने के लिए निकले थे। जब वे काफी देर तक घर वापस नहीं लौटे, तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। इसी बीच पड़ोस के एक युवक ने बताया कि उसने शाम करीब चार बजे कमलेश को बेतवा नाले की तरफ जाते देखा था।
परिजन जब नाले के पास पहुंचे तो किनारे पर कमलेश की चप्पलें बरामद हुईं। अनहोनी की आशंका जताते हुए ग्रामीणों और परिजनों ने नाले के आसपास खोजबीन की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद घटना की सूचना पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही रहीमाबाद थाना प्रभारी अरुण कुमार त्रिगुनायक पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने शुरुआत में स्थानीय तैराकों की मदद से नाले में तलाश शुरू कराई, लेकिन सफलता न मिलने पर तुरंत गोताखोरों को बुलाया गया। गोताखोरों के कड़े सर्च ऑपरेशन के बाद देर रात लगभग 11:30 बजे कमलेश यादव का शव नाले से बाहर निकाला जा सका।
पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया, जिसके बाद देर शाम मृतक का अंतिम संस्कार कर दिया गया।





