औरास, उन्नाव। (संवाददाता) औरास थाना क्षेत्र के चंदौर गांव में बुधवार को बिजली का तार टूटकर गिरने से करंट की चपेट में आने से एक भैंस की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में पशुपालक शराफत गाजी बाल-बाल बच गए।
जानकारी के अनुसार, शराफत गाजी अपने घर से भैंस को चराने के लिए ले जा रहे थे। इसी दौरान अचानक बिजली का तार टूटकर भैंस के ऊपर जा गिरा। तार में करंट प्रवाहित होने के कारण भैंस की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के दौरान शराफत गाजी कुछ दूरी पर होने के कारण करंट की चपेट में आने से बच गए।
घटना की जानकारी मिलते ही विद्युत विभाग के लाइनमैन देवा कुमार मौके पर पहुंचे और बिजली व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए टूटे तार को जोड़ने का कार्य शुरू किया। हादसे में भैंस की मौत से किसान शराफत गाजी का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने विद्युत विभाग से पीड़ित किसान को उचित मुआवजा दिलाए जाने की मांग की है।





