उन्नाव। (संवाददाता) हालिया बारिश में मकान क्षतिग्रस्त होने से बेघर हुए परिवारों के पुनर्वास के लिए प्रशासन ने राहत की पहल तेज कर दी है। सोमवार को विकास भवन सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक के दौरान प्रभारी मंत्री रजनी तिवारी ने मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत चिन्हित प्रभावित परिवारों को सहायता राशि के चेक वितरित किए।
इस दौरान प्रभारी मंत्री रजनी तिवारी ने कहा कि आपदा की इस घड़ी में सरकार प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है। बारिश के कारण जिन परिवारों के मकान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए हैं, उन्हें तत्काल राहत उपलब्ध कराने के साथ सुरक्षित और पक्का आवास मुहैया कराना सरकार की प्राथमिकता है।
उन्होंने कहा कि आवास योजना के तहत दी जा रही सहायता राशि से प्रभावित परिवारों को अपना नया पक्का मकान बनाने में मदद मिलेगी। प्रशासन की ओर से पात्र परिवारों को योजनाओं का लाभ समय से उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया गया।
समीक्षा बैठक में जिले में बारिश से हुए नुकसान और प्रभावित परिवारों को दी जा रही राहत एवं पुनर्वास संबंधी कार्यों की भी जानकारी ली गई। अधिकारियों को प्रभावित लोगों तक शासन की सहायता पहुंचाने और कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए गए।
कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष अनुराग अवस्थी, सदर विधायक पंकज गुप्ता, जिलाधिकारी घनश्याम मीना, मुख्य विकास अधिकारी कृति राज समेत जिले के अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।





