मलिहाबाद, लखनऊ। राजधानी लखनऊ के मलिहाबाद तहसील अंतर्गत थाना रहीमाबाद क्षेत्र के तरौना गांव स्थित बेता नाले में गुरुवार देर शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया। दोस्त की भैंस को नाले से बाहर निकालने के प्रयास में 20 वर्षीय युवक गहरे पानी में बह गया और डूब गया। घटना की खबर फैलते ही पूरे गांव में हड़कंप मच गया और घटनास्थल पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई।
डूबा युवक तरौना गांव निवासी विनोद मौर्य का 20 वर्षीय पुत्र सूरज था। वह पुणे में खाना बनाने का काम करता था और महज एक हफ्ते पहले ही छुट्टी लेकर घर लौटा था। परिजनों के मुताबिक, देर शाम सूरज रहीमाबाद से घर पहुंचा था। तभी उसके दोस्त मोहित की भैंस चरते-चरते बेता नाले में चली गई। भैंस को बाहर निकालने के लिए सूरज नाले में उतर गया, लेकिन पानी का बहाव और गहराई अधिक होने के कारण वह खुद डूब गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। रहीमाबाद पुलिस उपायुक्त ज्ञानेन्द्र कुमार सिंह, थाना प्रभारी अरुण कुमार त्रिगुणायक तथा औरास थाने की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। रात का अंधेरा होने के कारण पुलिस ने जनरेटर की मदद से रोशनी का इंतजाम किया। स्थानीय गोताखोरों और ग्रामीणों की मदद से नाले में युवक की तलाश का अभियान चलाया जा रहा है, हालांकि खबर लिखे जाने तक सूरज का कोई सुराग नहीं मिल सका था।
सूरज दो भाइयों और दो बहनों में सबसे बड़ा था। उसके परिवार में छोटी बहनें गीता व मोना और छोटा भाई राज हैं। घटना के बाद से ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। पुलिस और गोताखोरों द्वारा बचाव कार्य लगातार जारी है।





