भोला खेड़ा में हुई वारदात, कातिल हिरासत में, पूछताछ जारी
छोटी बेटी की तहरीर पर हत्या की धारा में रिपोर्ट दर्ज
एक साथ मां-बेटी की हुई हत्या से इलाके में फैली सनसनी
ए अहमद सौदागर लखनऊ। राजधानी लखनऊ में अपनों के हाथों अपनों का खून बहाने का सिलसिला थम नहीं रहा है। बीते कुछ दिनों पहले हुई कई वारदातों का मामला शांत भी नहीं पड़ा था कि कृष्णानगर क्षेत्र स्थित भोला खेड़ा में रहने होमगार्ड के जवान रवीन्द्र शंकर ने किसी बात से नाराज होकर गुरुवार देर रात अपनी पचास वर्षीय पत्नी श्यामा दुलारी व 32 वर्षीय बेटी पूजा साहू की केबिल से गला कसकर हत्या कर दी। दोनों का शव शुक्रवार सुबह कमरे में पड़ा मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। वारदात को अंजाम देने के बाद होमगार्ड रवीन्द्र शंकर ने खुद ही इसकी सूचना पुलिस को दी। डबल मर्डर की खबर मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और आनन-फानन में पुलिस उपायुक्त दक्षिणी मोहम्मद मुश्ताक, अपर पुलिस उपायुक्त दक्षिणी रल्ला पल्ली वसंथ कुमार व सहायक पुलिस आयुक्त कृष्णानगर सहित कई पुलिस के आलाधिकारी मौके पर पहुंचे और फोरेंसिक टीम के साथ मामले की गहनता से छानबीन शुरू की। डीसीपी दक्षिणी मोहम्मद मुश्ताक के मुताबिक जांच पड़ताल में सामने आया है कि घरेलू कलह के चलते रवीन्द्र शंकर ने पत्नी व बेटी की हत्या की है। उन्होंने बताया कि इसके अलावा भी इस मामले में कई बिंदुओं पर पड़ताल की जा रही है। छोटी बेटी की तहरीर पर पुलिस हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर होमगार्ड रवीन्द्र शंकर को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। पुलिस मामले की छानबीन कर दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पूरे घटनाक्रम पर एक नजर
कृष्णानगर क्षेत्र स्थित भोला खेड़ा निवासी 55 वर्षीय रवीन्द्र शंकर लखनऊ में बतौर होमगार्ड के पद पर तैनात हैं। रविन्द्र अपनी 50 वर्षीय पत्नी श्यामा दुलारी, 32 वर्षीय बड़ी बेटी पूजा साहू व छोटी बेटी के साथ रहते हैं।
बताया जा रहा है कि गुरुवार देर शाम रवीन्द्र शंकर और उनकी पत्नी श्यामा दुलारी और बेटी पूजा साहू के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। बात इतनी बढ़ गई कि रवीन्द्र शंकर सोते समय डाटा केबिल से गला कसकर मां-बेटी की हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि छोटी बेटी चीख-पुकार करती रही, लेकिन रवीन्द्र को तनिक भी दया नहीं आई और दोनों को मौत की नींद सुलाने के बाद इसकी सूचना खुद ही पुलिस को दी। डीसीपी दक्षिणी मोहम्मद मुश्ताक के मुताबिक छोटी बेटी की तहरीर पर मुकदमा दर्ज होमगार्ड रवीन्द्र को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। उन्होंने बताया कि छोटी बेटी ने भले ही पिता के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई है, लेकिन इसके बावजूद भी इस मामले में कई बिंदुओं पर गहनता से छानबीन की जा रही है। वहीं फोरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंचकर घटनास्थल से नमूने एकत्र कर जांच के लिए भेजा है।
पति-पत्नी और बेटी के बीच हुए विवाद के चलते परिवार हुआ तबाह
डीसीपी दक्षिणी मोहम्मद मुश्ताक ने बताया कि घटना के पीछे पारिवारिक कलह होने की बात सामने आई है। उन्होंने बताया हिरासत में लिए गए रवीन्द्र शंकर ने पूछताछ में बताया कि उनके और उनकी पत्नी के बीच पिछले कुछ महीनों से विवाद चल रहा है था। कुछ दिन पहले उसकी पत्नी बिना बताए घर से गहने लेकर कहीं चली गई थी। डीसीपी दक्षिणी मोहम्मद मुश्ताक का कहना है कि इस संबंध में रवीन्द्र ने थाने पर गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस मामले की छानबीन कर रही थी कि कुछ दिनों बाद रवीन्द्र शंकर की पत्नी श्यामा दुलारी घर वापस आ गई थी।
पूछताछ में रवीन्द्र शंकर ने पुलिस को बताया कि उसके बड़ी बेटी पूजा साहू की शादी वर्ष 2017 में हुई थी कि किसी बात को लेकर पूजा साहू का तलाक हो गया था तो उन्होंने दूसरी शादी वर्ष 2022 में की, लेकिन उससे भी तलाक हो गया और तभी से पूजा साहू माता-पिता के साथ रह रही थी।
बेटी पर भी रवीन्द्र शंकर कर रहा था शक
डीसीपी दक्षिणी मोहम्मद मुश्ताक के मुताबिक जांच पड़ताल में सामने आया है कि रवीन्द्र शंकर उसकी बेटी पूजा साहू एक युवक से आए दिन बात किया करती थी और विरोध करने पर बेटी व पत्नी श्यामा दुलारी लड़ाई-झगड़ा करने पर अमादा हो जाती थीं। इससे यही लग रहा है कि हत्या की वजह की जड़ बड़ी बेटी ही ही थी? डीसीपी दक्षिणी मोहम्मद मुश्ताक का कहना है कि इस मामले में कई बिंदुओं पर गहनता से छानबीन की जा रही है।





