November 4, 2026 6:49 am

मेटा के अलर्ट पर 6 मिनट में पहुंची पुलिस, फंदे से झूलती युवती की बचाई जान

ए अहमद सौदागर लखनऊ। सोशल मीडिया पर सुसाइड का वीडियो पोस्ट कर आत्महत्या करने जा रही 24 वर्षीय युवती को गोरखपुर पुलिस ने महज 6 मिनट में पहुंचकर बचा लिया। पुलिस मुख्यालय के सोशल मीडिया सेंटर को मेटा कंपनी से मिले अलर्ट पर यह त्वरित कार्रवाई हुई।

यूपी के गोरखपुर जिले के थाना खोराबार निवासी 24 वर्षीय गृहणी ने बीती रात पति से झगड़े के बाद अवसाद में आकर छत के पंखे में दुपट्टे का फंदा बनाकर वीडियो बनाया और इंस्टाग्राम पर पोस्ट कर दिया। वीडियो पर लिखा था कि – माँ पापा मुझे माफ कर देना, शायद मेरी पसंद गलत थी।

रात 10.16 बजे मेटा कंपनी ने ई-मेल के जरिये डीजीपी मुख्यालय स्थित सोशल मीडिया सेंटर को अलर्ट भेजा।डीजीपी राजीव कृष्ण के निर्देश पर मुख्यालय ने तुरंत नंबर ट्रेस कर लोकेशन निकाली और गोरखपुर पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही थाना खोराबार के थानाध्यक्ष सुधांशु सिंह व एसआई शुभम शर्मा व आरक्षी मुकेश और महिला आरक्षी प्रतिमा सिंह महज 6 मिनट में युवती के घर पहुंच गए। परिजनों को साथ लेकर टीम कमरे में पहुंची तो दरवाजा आधा खुला था। युवती गले में फंदा कस चुकी थी और हाथ-पैर मार रही थी। पुलिसकर्मियों ने फौरन फंदा काटकर उसे नीचे उतारा और प्राथमिक उपचार दिया।

होश में आने पर युवती ने बताया कि पति से विवाद के बाद मानसिक तनाव में यह कदम उठाया था। काउंसलिंग के बाद उसने भविष्य में ऐसा न करने का वादा किया। परिजनों ने पुलिस की तत्परता और संवेदनशीलता के लिए आभार जताया।

यूपी पुलिस और मेटा के बीच 2022 से यह व्यवस्था चल रही है। फेसबुक या इंस्टा पर सुसाइड पोस्ट आते ही मेटा अलर्ट भेजता है। 1 जनवरी 2023 से 30 सितंबर 2026 के बीच ऐसे 4011 लोगों की जान यूपी पुलिस बचा चुकी है। इस पहल के लिए यूपी पुलिस को प्रतिष्ठित स्कोच अवार्ड -2025 और अन्य अवार्ड से सम्मानित किया जा चुका है।

67
Default choosing

Did you like our plugin?

error: Content is protected !!