लखनऊ। (संवाददाता) मिशन शक्ति अभियान के तहत शनिवार को राजधानी के रहीमाबाद थाना क्षेत्र में एक प्रेरणादायक पहल देखने को मिली। रहीमाबाद स्थित इमैनुएल स्कूल की 11वीं कक्षा की छात्रा मधुरिका को एक दिन के लिए प्रतीकात्मक थानाध्यक्ष एवं मिशन शक्ति केंद्र प्रभारी बनाया गया। इस विशेष पहल का मुख्य उद्देश्य बालिकाओं में आत्मविश्वास बढ़ाना और उन्हें उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक करना था।
थाने की कार्यप्रणाली और सुरक्षा से जुड़ी अहम जानकारियां
इंस्पेक्टर अरुण कुमार के नेतृत्व में पुलिसकर्मियों ने मधुरिका को थाने की दैनिक कार्यप्रणाली, महिला सुरक्षा, बाल अधिकारों और साइबर अपराध से बचाव के तौर-तरीकों की विस्तृत जानकारी दी। इस दौरान उन्होंने पुलिस स्टेशन के विभिन्न विभागों के कामकाज को करीब से समझा।
हेल्पलाइन नंबरों से कराया गया अवगत
महिला उपनिरीक्षक संध्या पटेल ने छात्रा को आपातकालीन स्थितियों में मदद के लिए उपलब्ध विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों और पुलिस की सक्रिय भूमिका के बारे में विस्तार से बताया। थाने की कमान संभालने के दौरान मधुरिका ने आत्मविश्वासी अंदाज में जनता की समस्याओं को सुना और पुलिस महकमे के कामकाज को नजदीक से अनुभव किया। इस अनूठे आयोजन से क्षेत्र की बालिकाओं में सकारात्मक संदेश गया है।





