अंधा प्यार करने वाली भी निकली बेवफा, दम निकलते ही भाग निकली थी श्रद्धा
इनाम की राशि बढ़ी फिर भी पुलिस की पकड़ से दूर
लापरवाही बरतने वाले डीसीपी मध्य और इंस्पेक्टर हजरतगंज पर गिरी गाज
शिवा शर्मा की मौत की साजिश रच बहन और चालक के साथ गलियों में भटक रही मॉडल श्रद्धा दुबे
दस दिनों में दस बार मिली पुलिस को चुनौती फिर भी नहीं मिली आरोपित
ए अहमद सौदागर लखनऊ। वैसे तो पुलिस अत्याधुनिक तकनीकी के सहारे मोबाइल फोन नंबरों की लोकेशन ट्रेस कर अपराध करने वाले अपराधियों की गर्दन तक पहुंचने में भरोसा जताती है, लेकिन कैफे संचालक शिवा शर्मा मौत कांड की मुख्य आरोपित मॉडल श्रद्धा दुबे दस दिनों के भीतर सोशल मीडिया पर तीन-चार बार सामने आई तो मानों पुलिस के लिए किसी बड़ी चुनौती से कम नहीं है, क्योंकि पुलिस आधुनिक उपकरण के सहारे कुख्यात अपराधियों से लेकर अन्य आरोपितों तक पहुंचने का दावा करती है, लेकिन खुद को बहादुर समझने वाली कमिश्नरेट पुलिस फरार चल रही इनामी श्रद्धा के मोबाइल फोन का नंबर अभी तक नहीं ट्रेस कर पाई।
सवाल है कि वह सड़क से लेकर जमीन की पगडंडी से गुजर कर ठिकाने बदल रही, तो क्या मोबाइल फोन भी अपना रास्ता बदल रहा है? दर्जन भर से अधिक पुलिस की टीमें नेपाल सीमा से लेकर अन्य जिलों में डेरा डालकर उसे दबोचने के लिए जाल बिछाया, लेकिन दस-ग्यारह दिन बाद भी पुलिस इस नतीजे पर नहीं पहुंच सकी है कि आखिर इनामी श्रद्धा कहां है और किसके संरक्षण में शरण लिए हुए है।
चर्चित शिवा शर्मा मौत कांड के मामले में मुख्य आरोपित मॉडल श्रद्धा दुबे, उसकी बहन रश्मि और चालक तनवीर उर्फ दानिश की तलाश में दो से अधिक सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाला, लेकिन इससे भी कोई ठोस सुराग नहीं लगा।
जानकार बताते हैं कि आरोपित श्रद्धा दुबे ने नेपाल का एक मोबाइल फोन नंबर ले रखा है इसके जरिए वह अपने खास मददगारों के संपर्क है इसके बाद भी पुलिस उसकी तलाश करने में नाकाम साबित हो रही है।
उधर मृतक शिवा शर्मा की मां रंजना शर्मा ने न्याय पाने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को प्रार्थना पत्र देकर न्याय के लिए आस लगाई है। डीसीपी मध्य विक्रांत वीर और इंस्पेक्टर हजरतगंज रहे विक्रम सिंह पर चला चाबुक इस बात का साफ संदेश दे रहा है कि इस सनसनीखेज मामले में शासन संज्ञान में लिया है।
अंधा प्यार शिवा के लिए बना काल
कहते हैं कि प्यार अंधा होता, लेकिन जब इसी पर सनक और खौफ सवार हो जाए तो यही अंधा प्यार एक-दूसरे के लिए जानलेवा साबित हो जाता है। मॉडल श्रद्धा दुबे और कैफे संचालक शिवा शर्मा दोनों एक-दूसरे के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में कुछ माह तक रहने के बाद जिंदगी भर साथ निभाने की कसमें खाईं, लेकिन अंधा प्यार कुछ दिनों बाद ही दुश्मनी का रूप धारण कर लिया और यह दुश्मनी इस मुकाम तक पहुंच गई कि कैफे संचालक शिवा शर्मा को अपनी जान देकर चुकानी पड़ गई। हालांकि यह कोई पहला मौका नहीं इससे पहले भी राजधानी लखनऊ सहित यूपी के अलग-अलग जिलों में कई बार भरोसे का खून बह चुका है।





